जम्मू-कश्मीर: पुंछ में LoC के पास बारूदी सुरंग विस्फोट, सेना के दो जवान घायल

0

पुंछ के मेंढर सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास बुधवार शाम बारूदी सुरंग को निष्क्रिय करने के दौरान हुए विस्फोट में सेना के दो जवान घायल हो गए।

दोनों जवानों को उपचार के लिए सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, सेना का बम निरोधक दस्ता नियमित गश्त के दौरान कंगा गली क्षेत्र में पहुंचा था। इसी दौरान टीम को एक बारूदी सुरंग मिली। जब जवान उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया में जुटे थे, तभी अचानक विस्फोट हो गया, जिससे दो सैनिक घायल हो गए।

दरअसल, नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ रोकने के लिए अग्रिम इलाकों में बड़ी संख्या में बारूदी सुरंगें बिछाई जाती हैं। हालांकि, लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण कई बार ये सुरंगें अपने मूल स्थान से खिसक जाती हैं। ऐसे में सेना समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर उन्हें खोजने और निष्क्रिय करने का काम करती है, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो।

उधर, पुंछ के नालवा-देगवार तरवान क्षेत्र में मजदूरों को काम के दौरान एक जंग लगा संदिग्ध विस्फोटक मिला। सूचना मिलते ही सेना की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।

Comments are closed.