पुतिन के समर्थन में उतरा किम जोंग उन, रूस में तैनात की उत्तर कोरियाई मिसाइल यूनिट

1

यूक्रेन की सैन्य खुफिया एजेंसी (GUR) ने दावा किया है कि उत्तर कोरिया की एक मिसाइल यूनिट ने पश्चिमी रूस में तैनाती शुरू कर दी है।

एजेंसी के अनुसार, इस यूनिट का इस्तेमाल भविष्य में यूक्रेन पर बैलिस्टिक मिसाइल हमलों के लिए किया जा सकता है। यूक्रेन की मुख्य खुफिया निदेशालय (GUR) के अधिकारी एंड्री चेरन्याक के मुताबिक, रूस इस यूनिट को पश्चिमी रूस के वोरोनेज क्षेत्र में अपनी 112वीं मिसाइल ब्रिगेड के साथ तैनात करने की योजना बना रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस यूनिट में करीब 90 उत्तर कोरियाई सैन्यकर्मी शामिल हैं और इसे लगभग 120 बैलिस्टिक मिसाइलों तथा छह लॉन्चरों से लैस किया जा सकता है।

चेरन्याक ने यह भी दावा किया कि उत्तर कोरिया पहले ही केएन-23 और केएन-24 श्रेणी की करीब 40 बैलिस्टिक मिसाइलें और अतिरिक्त सैन्यकर्मी रूस भेज चुका है। उनके अनुसार, तैनाती का अंतिम स्वरूप और मिसाइलों की कुल संख्या अगले महीने होने वाली उच्च-स्तरीय वार्ता में तय की जाएगी।

यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि रूस बैलिस्टिक मिसाइलों के इस्तेमाल पर इसलिए जोर दे रहा है क्योंकि यूक्रेन के पास उन्हें रोकने में सक्षम उन्नत वायु रक्षा प्रणालियों की कमी है। उनका आरोप है कि 2023 के अंत से रूस उत्तर कोरिया की ओर से उपलब्ध कराई गई दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल यूक्रेन पर हमलों में कर चुका है। यदि उत्तर कोरियाई मिसाइल यूनिट की तैनाती की पुष्टि होती है, तो इसे दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग में एक बड़े विस्तार के रूप में देखा जाएगा।

यूक्रेनी खुफिया एजेंसी के मुताबिक, पिछले सप्ताह रूस ने लंबे अंतराल के बाद दो उत्तर कोरियाई बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। इनमें से एक मिसाइल मध्य यूक्रेन के रादुशने गांव में एक रिहायशी मकान पर गिरी, जिसमें एक ही परिवार के कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई।

सैन्य विशेषज्ञों का मानना है कि बैलिस्टिक मिसाइलों से रक्षा करना यूक्रेन की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बना हुआ है। उनका कहना है कि यदि रूस के पास इस तरह की मिसाइलों की संख्या बढ़ती है, तो खासकर सर्दियों के दौरान ऊर्जा ढांचे और बिजली ग्रिड पर हमलों का खतरा भी बढ़ सकता है।

Comments are closed.