झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं से जुड़ी मांगों और अभ्यर्थियों की समस्याओं को लेकर आज, शनिवार को सरकार और छात्रों के बीच दूसरे दौर की वार्ता होगी।
‘JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच’ का आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सुबह 10 बजे मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में सरकार के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगा।
इससे पहले शुक्रवार शाम को सरकार और अभ्यर्थियों के बीच पहले दौर की वार्ता हुई थी। बैठक में दोनों पक्षों के बीच कई मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई। हालांकि, अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि यह बातचीत का पहला चरण था और उनकी मांगों को लेकर आगे भी वार्ता जारी रहेगी।
छात्र न्याय मंच की ओर से सरकार के समक्ष अपनी बात रखने के लिए 8 प्रतिनिधियों को नामित किया गया है। इस प्रतिनिधिमंडल में निम्नलिखित सदस्य शामिल हैं:
- चंदन कुमार
- रामा अवतार महतो
- दिनबंधु मंडल
- बिमल कुमार
- पूजा कुमारी
- प्रेम कुमार
- रवि शंकर
- अमित कुमार शर्मा
शुक्रवार की बैठक में सरकार की ओर से मंत्री संजय प्रसाद यादव, दीपिका सिंह पांडेय, चमरा लिंडा, सुदिव्य कुमार और स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार सिंह शामिल हुए। बैठक में अभ्यर्थियों की विभिन्न मांगों, भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी समस्याओं और लंबित मुद्दों पर चर्चा की गई।
अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि शनिवार की दूसरे दौर की वार्ता में उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस और सकारात्मक निर्णय की दिशा में बात आगे बढ़ेगी। हालांकि, छात्रों ने कहा है कि सरकार के अंतिम निर्णय तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
अभ्यर्थियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि 10 अगस्त तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे विधानसभा का घेराव करेंगे।
Comments are closed.