सावन माह और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में भक्ति और राष्ट्रप्रेम का अनूठा संगम देखने को मिला।
15 अगस्त की मंगला आरती के बाद बाबा विश्वनाथ का तिरंगा स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया। केसरिया, सफेद और हरे रंग की सजावट से सजे बाबा का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। आरती के बाद मंदिर परिसर ‘हर हर महादेव’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने तिरंगा श्रृंगार में बाबा के दर्शन कर देश की एकता, अखंडता और समृद्धि की कामना की।
वहीं, वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए आराजी लाइन विकासखंड के बंगालीपुर गांव में शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र सिंह पटेल के नेतृत्व में निकली यात्रा बंगालीपुर से शुरू होकर क्षेत्र के विभिन्न गांवों और प्रमुख स्थानों से गुजरते हुए महागांव जोगापुर पहुंची और फिर वापस बंगालीपुर में संपन्न हुई।
यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए। रास्ते में ग्रामीणों ने फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया। डॉ. महेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य वीर शहीदों के बलिदान को नमन करना और युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Comments are closed.