उत्तर प्रदेश में बाढ़ की स्थिति के बीच राज्य के 26 जिले प्रभावित हैं। राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक, अब तक 21,333 लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
जलभराव और दुर्गम क्षेत्रों में फंसे लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए 2,304 नाव और मोटरबोट तैनात की गई हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच अब तक 8.58 लाख से अधिक लंच पैकेट वितरित किए जा चुके हैं। बुधवार को ही 83,545 लंच पैकेट लोगों तक पहुंचाए गए। इसके अलावा, अब तक 1.38 लाख से ज्यादा बाढ़ राहत किट भी वितरित की जा चुकी हैं।
प्रभावित लोगों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में 1,343 बाढ़ शरणालय बनाए गए हैं। इन राहत शिविरों में फिलहाल 7,581 लोग रह रहे हैं।
राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने बताया कि अयोध्या, आजमगढ़, बहराइच, बदायूं, बलिया, बाराबंकी, बस्ती, फर्रुखाबाद, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हरदोई, कासगंज, कौशांबी, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, रायबरेली, संत कबीर नगर, रामपुर, सीतापुर, शाहजहांपुर, उन्नाव और वाराणसी में बाढ़ का असर बना हुआ है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। दुर्गम इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के साथ-साथ भोजन और जरूरी राहत सामग्री भी पहुंचाई जा रही है।
Comments are closed.