बाल्टिक सागर में बढ़ा तनाव: रूसी विमान ने डेनिश हेलीकॉप्टर के पास दागीं फ्लेयर, नाटो फाइटर जेट्स ने खदेड़ा
रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूरोप में तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है।
बाल्टिक सागर के ऊपर डेनमार्क के एक सैन्य हेलीकॉप्टर के पास रूसी युद्धपोत से चेतावनी के तौर पर फ्लेयर दागे जाने की घटना सामने आई है। इसी दौरान रूस के टीयू-95 बमवर्षक विमानों की क्षेत्र में गश्त के बाद नाटो के लड़ाकू विमानों ने उनकी निगरानी की।
डेनमार्क के प्रधानमंत्री ने हेलीकॉप्टर से जुड़ी घटना को रूसी आक्रामकता से जोड़ते हुए इसकी आलोचना की है। घटना के विरोध में डेनमार्क सरकार ने रूसी राजदूत को तलब कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
वहीं, लिथुआनिया की राजधानी विलनियस के पास भी तनाव की एक अन्य घटना सामने आई। नाटो के विमानों ने वहां एक संदिग्ध ड्रोन को मार गिराया। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ड्रोन किस देश से आया था और उसके लिथुआनियाई हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने का उद्देश्य क्या था।
लिथुआनिया रूस की सीमा से लगा हुआ है और नाटो का सदस्य देश है। यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद क्षेत्र में ड्रोन और सैन्य गतिविधियों को लेकर सुरक्षा चिंताएं लगातार बढ़ी हैं।
इससे पहले पोलैंड की सीमा से लगे यूक्रेनी इलाकों में रूस की ओर से लगातार दो दिनों तक ड्रोन हमले किए गए थे। इसके बाद नाटो महासचिव मार्क रूट ने रूस की कार्रवाई को डराने की कोशिश बताया था और संगठन की सैन्य क्षमता को कम करके नहीं आंकने की चेतावनी दी थी।
दूसरी ओर, रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहल से दोनों देशों के ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले सीमित करने को लेकर बनी सहमति पर क्रेमलिन ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।
रूसी राष्ट्रपति कार्यालय ने साथ ही रूस के तेल और गैस निर्यात पर लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने की मांग दोहराई है। क्रेमलिन का कहना है कि प्रतिबंध हटने से वैश्विक बाजार में ऊर्जा आपूर्ति बेहतर हो सकती है और तेल की कीमतों पर दबाव कम हो सकता है।
वहीं, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि यदि रूस समझौते के अनुरूप संबंधित क्षेत्रों और ऊर्जा संसाधनों पर हमले सीमित करता है, तो यूक्रेन भी जवाबी कार्रवाई को उसी अनुपात में सीमित करने पर विचार करेगा। उन्होंने संकेत दिया कि इस संबंध में यूक्रेन अपने सहयोगी देशों के साथ समन्वय बनाए रखेगा।
Comments are closed.