DU छात्रसंघ चुनाव आज: 1.51 लाख से ज्यादा छात्र करेंगे वोटिंग, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

0

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान होगा।

चुनाव प्रचार के दौरान छात्र संगठनों की गतिविधियों और आरोप-प्रत्यारोप के बाद अब छात्र अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने शांतिपूर्ण और व्यवस्थित मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

डूसू चुनाव में कुल 1,51,842 छात्र मतदाता चार केंद्रीय पदों के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान के लिए 830 बैलेट यूनिट और 281 कंट्रोल यूनिट की व्यवस्था की गई है। विश्वविद्यालय के 52 कॉलेजों और मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी। शनिवार, 19 सितंबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

दो शिफ्ट में होगा मतदान

डीयू के कॉलेजों में सुबह और शाम की शिफ्ट में पढ़ने वाले छात्रों के लिए अलग-अलग मतदान समय निर्धारित किया गया है। सुबह की शिफ्ट के छात्र सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक वोट डाल सकेंगे। शाम की शिफ्ट के छात्रों के लिए मतदान दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक चलेगा।

मतदान केंद्रों पर छात्रों की पहचान की जांच सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। छात्रों के लिए कॉलेज कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मतदाताओं से निर्धारित समय पर मतदान केंद्र पहुंचने और चुनावी आचार संहिता का पालन करने की अपील की है।

12 कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

मतदान के दौरान किसी तकनीकी समस्या या अन्य गड़बड़ी से निपटने के लिए 12 कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। इन कंट्रोल रूम के जरिए अलग-अलग मतदान केंद्रों की निगरानी की जाएगी। किसी केंद्र से शिकायत या तकनीकी समस्या की सूचना मिलने पर संबंधित टीम को मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन के अनुसार, मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

चार पदों के लिए 20 प्रत्याशी मैदान में

डूसू के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए कुल 20 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। अध्यक्ष पद पर सात, उपाध्यक्ष पद पर पांच, जबकि सचिव और संयुक्त सचिव पद पर चार-चार प्रत्याशी मैदान में हैं।

एनएसयूआई ने अध्यक्ष पद के लिए विजय शंकर मीणा, उपाध्यक्ष के लिए वीर चतरथ, सचिव के लिए नम्रता चौधरी और संयुक्त सचिव पद के लिए गोपाल चौधरी को उम्मीदवार बनाया है।

एबीवीपी की ओर से अध्यक्ष पद पर यश डबास, उपाध्यक्ष पद पर इशू मौर्य, सचिव पद पर रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्यराज सिंह चुनाव लड़ रहे हैं।

वहीं, आइसा-एसएफआई गठबंधन ने अध्यक्ष पद के लिए अनन्या रतूड़ी, उपाध्यक्ष के लिए अक्षत शिखर, सचिव के लिए स्टैनजिन डेसक्यॉन्ग और संयुक्त सचिव के लिए बी. पारीजात को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा अन्य छात्र संगठनों ने भी अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं।

19 सितंबर को होगी मतगणना

मतदान समाप्त होने के बाद चुनावी यूनिट और संबंधित रिकॉर्ड को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा जाएगा। शनिवार, 19 सितंबर को मतगणना होगी और इसी दिन अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव तथा संयुक्त सचिव पद के परिणाम घोषित किए जाएंगे।

चुनाव के दौरान सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन तथा सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

Comments are closed.