2 अगस्त 2026 को दुबई से अमृतसर पहुंची एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट के सभी आठ क्रू मेंबर्स को प्रक्रियात्मक नियमों के उल्लंघन के मामले में तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है।
मामला अनिवार्य पोस्ट-फ्लाइट ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट और उससे जुड़े डिक्लेरेशन में देरी का है। विमान के अमृतसर में उतरने के बाद क्रू को निर्धारित समय सीमा के भीतर पोस्ट-फ्लाइट डिक्लेरेशन जमा करना था। विमानन नियमों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय उड़ान के बाद यह प्रक्रिया दो घंटे के भीतर पूरी की जानी चाहिए। हालांकि, संबंधित क्रू ने डिक्लेरेशन निर्धारित समय से 35 मिनट देर से, यानी लैंडिंग के 2 घंटे 35 मिनट बाद जमा किया।
सभी क्रू मेंबर्स का हुआ टेस्ट
डिक्लेरेशन जमा करने में देरी सामने आने के बाद एयरलाइन के सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत क्रू के सभी सदस्यों की साइकोएक्टिव पदार्थों के सेवन को लेकर जांच की गई। सूत्रों के मुताबिक, सभी सदस्यों की मेडिकल रिपोर्ट निगेटिव आई। यानी जांच में किसी भी क्रू मेंबर के नशीले या साइकोएक्टिव पदार्थों के सेवन की पुष्टि नहीं हुई।
तीन महीने के लिए निलंबित
मेडिकल टेस्ट के नतीजे निगेटिव आने के बावजूद एयरलाइन ने निर्धारित समय सीमा का पालन नहीं होने को गंभीर प्रक्रियात्मक चूक माना। इसके बाद एअर इंडिया एक्सप्रेस ने उड़ान में शामिल सभी आठ क्रू मेंबर्स के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की।
सूत्रों के अनुसार, एयरलाइन ने मामले की विस्तृत रिपोर्ट नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को भी सौंप दी है। वहीं, आठों क्रू सदस्यों को तीन महीने के लिए निलंबित किया गया है।
एयरलाइन की कार्रवाई का आधार टेस्ट में किसी पदार्थ के सेवन की पुष्टि नहीं, बल्कि अनिवार्य पोस्ट-फ्लाइट प्रक्रिया में हुई देरी और नियमों के उल्लंघन को बताया गया है।
Comments are closed.