दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का दौर शुरू होने से पहले देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। इनमें 18 से अधिक राज्यों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम का सबसे ज्यादा असर पश्चिमी और तटीय क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। गुजरात में तेज हवाओं की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे, जबकि महाराष्ट्र और गोवा के तटीय इलाकों में हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश की गतिविधियां सीमित रहने की संभावना है। पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, राज्य के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश की स्थिति बन सकती है।
बिहार में 23 सितंबर से बढ़ेगी बारिश
बिहार में 22 सितंबर को मौसम मिला-जुला रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, 23 सितंबर से मानसून की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। 24 और 25 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
दिल्ली-NCR में मौसम रहेगा अपेक्षाकृत साफ
दिल्ली में मंगलवार को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दिन के दौरान 15 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
उत्तराखंड में 26-27 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 26 और 27 सितंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बहुत भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
राजस्थान में धूप, कुछ इलाकों में बूंदाबांदी
राजस्थान में 22 सितंबर को ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहने और धूप निकलने की संभावना है। जयपुर और कोटा समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हालांकि, पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं।
मध्य प्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून
मध्य प्रदेश में 22 सितंबर से मानसूनी गतिविधियां फिर तेज होने लगी हैं। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर समेत कई क्षेत्रों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
महाराष्ट्र, गोवा और गुजरात में तेज हवाओं का असर
महाराष्ट्र और गोवा में मंगलवार को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ सकती हैं। तटीय क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में भी मध्यम से भारी बारिश के साथ करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पूर्वी और दक्षिणी राज्यों में भी बारिश जारी
झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के अलावा पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
Comments are closed.