जनकपुर से अयोध्या तक रामभक्ति का सफर, पहली बार ट्रेन से रामलला का तिलक चढ़ाने पहुंचेंगे तिलकहरू
अयोध्या में रामलला के तिलकोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार समारोह में एक खास परंपरा नया इतिहास रचने जा रही है। नेपाल के जनकपुरधाम से तिलकहरुओं का दल पहली बार ट्रेन के जरिए अयोध्या पहुंच रहा है। उनके साथ बड़ी संख्या में नेपाली श्रद्धालु भी रामलला के दर्शन और पूजन के लिए रवाना हुए हैं। अब तक तिलकहरुओं का अयोध्या आगमन मुख्य रूप से सड़क मार्ग से होता रहा है।
भारत और नेपाल के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का नियमित परिचालन शनिवार से शुरू हो गया। ट्रेन के जनकपुर से रवाना होने पर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। तिलकहरुओं को ट्रेन में सवार होते देख जनकपुरवासियों ने खुशी जाहिर की और जयकारों के साथ इस पहल का स्वागत किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने 23 नवंबर को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी। इसके बाद शनिवार से इसका नियमित संचालन शुरू हुआ। यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी। शनिवार को जनकपुर से रवाना होकर ट्रेन रविवार सुबह 8:15 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
तिलकहरुओं का जत्था अयोध्याधाम जंक्शन पर उतरकर कारसेवकपुरम के लिए रवाना होगा। उनके स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। वहीं, ट्रेन से आने वाले अन्य श्रद्धालुओं के स्वागत की भी योजना है। वापसी में यह ट्रेन सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से जनकपुर के लिए रवाना होगी।
नई रेल सेवा से भारत-नेपाल के रिश्तों को मिलेगी मजबूती
जनकपुर से अयोध्या आ रहे मेयर मनोज साह ने नई रेल सेवा को दोनों देशों के बीच संबंध मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि ट्रेन से यात्रा काफी सुविधाजनक और आरामदायक रही। दोनों देशों की सरकारों के संयुक्त प्रयास से यह सुविधा शुरू हो पाई है, जिससे पारंपरिक रिश्तों को और मजबूती मिलेगी।
विश्व हिंदू परिषद नेपाल के धनुषा जिलाध्यक्ष संतोष साह ने कहा कि रेल सेवा शुरू होने से उन श्रद्धालुओं को भी अयोध्या आने का अवसर मिलेगा, जो सड़क मार्ग से लंबी यात्रा करने में असमर्थ थे। वहीं, संगठन के केंद्रीय सदस्य रघुनाथ साह ने बताया कि जनकपुर से ट्रेन के रवाना होने के दौरान लोगों में जबरदस्त उत्साह था।
पहली रेल यात्रा को यादगार बता रहे यात्री
नई ट्रेन से अयोध्या पहुंच रहे यात्रियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। जनकपुर निवासी नथुनी साह ने बताया कि पहली बार ट्रेन से अयोध्या आने का अनुभव बेहद खास रहा। उन्होंने ट्रेन के वातानुकूलित कोच और यात्रा की सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह सफर हमेशा याद रहेगा।
सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुरू होने से अब जनकपुर और अयोध्या के बीच धार्मिक यात्राएं पहले से अधिक आसान होंगी। राम-जानकी परंपरा से जुड़े दोनों पवित्र स्थलों के बीच रेल संपर्क को भारत और नेपाल की सांस्कृतिक मित्रता के एक नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।
Comments are closed.