इजरायल में सत्ता की लड़ाई तेज, नेतन्याहू ने आइजनकोट को पहले प्रधानमंत्री बनाने पर जताई सहमति
इजरायल में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विपक्षी नेता और पूर्व सेना प्रमुख गादी आइजनकोट ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को गठबंधन समझौते पर फैसला लेने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। दोनों नेताओं के बीच सत्ता साझा करने को लेकर बातचीत जारी है। इस बीच नेतन्याहू ने राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने के प्रस्ताव के तहत आइजनकोट को पहले प्रधानमंत्री पद सौंपने की पेशकश की है।
इजरायली राजनीति में उभरते नए समीकरणों के बीच आइजनकोट की प्रधानमंत्री पद पर दावेदारी मजबूत होती दिखाई दे रही है। नेतन्याहू ने रोटेशन व्यवस्था के तहत सरकार चलाने पर सहमति जताई है। इसके मुताबिक, शुरुआती कार्यकाल में आइजनकोट प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद नेतन्याहू सत्ता की कमान अपने हाथ में लेंगे।
नेतन्याहू ने शनिवार देर शाम इस प्रस्ताव की औपचारिक घोषणा की। वहीं, आइजनकोट ने छह दिसंबर की संवैधानिक समयसीमा से पहले नई सरकार के गठन का भरोसा जताया है। उन्होंने दावा किया कि अगले आठ दिनों में सरकार बनाने की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
सरकार गठन के लिए आइजनकोट के सामने कई राजनीतिक विकल्प मौजूद हैं। वह नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के नेतृत्व वाले दक्षिणपंथी गठबंधन के सहयोग से सत्ता में आ सकते हैं। इसके अलावा अरब राजनीतिक दलों का समर्थन हासिल करने का विकल्प भी खुला है। हालांकि, अरब पार्टियों के साथ गठबंधन को लेकर आइजनकोट की हिचकिचाहट पहले से चर्चा का विषय रही है।
इजरायली न्यूज चैनल 13 की रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू फिलहाल सत्ता से पूरी तरह बाहर होने के इच्छुक नहीं हैं। यही वजह है कि उन्होंने प्रधानमंत्री पद पर अपनी तत्काल दावेदारी छोड़कर रोटेशन फॉर्मूले को स्वीकार करने का रास्ता चुना है। इस व्यवस्था से उन्हें भविष्य में दोबारा प्रधानमंत्री बनने का अवसर मिल सकता है।
दूसरी ओर, आइजनकोट ने लिकुड पार्टी पर बातचीत में गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि बीते दो सप्ताह के दौरान लिकुड नेताओं के साथ उनकी पांच बैठकें हुईं, लेकिन अब तक समझौते का कोई ठोस और व्यावहारिक प्रस्ताव सामने नहीं आया है।
आइजनकोट के मुताबिक, बातचीत के दौरान सात अक्टूबर 2023 के हमास हमले की जांच के लिए आयोग गठित करने और अति-दक्षिणपंथी दलों को प्रस्तावित सरकार से बाहर रखने जैसे अहम मुद्दों पर भी लिकुड पार्टी ने स्पष्ट रुख नहीं अपनाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि लिकुड नेतृत्व जानबूझकर वार्ता में देरी कर रहा है, ताकि विपक्षी दलों के बीच भ्रम पैदा हो और उनकी एकजुटता कमजोर पड़े। वहीं, लिकुड पार्टी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए आइजनकोट पर दोहरी राजनीतिक रणनीति अपनाने का आरोप लगाया है।
लिकुड का दावा है कि आइजनकोट सत्ता हासिल करने के लिए उन अरब दलों का समर्थन लेने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्हें पार्टी इजरायल विरोधी मानती है। इस आरोप-प्रत्यारोप के बीच इजरायल में नई सरकार का स्वरूप और गठबंधन की अंतिम तस्वीर सामने आने का इंतजार है।
Comments are closed.