अल्बानिया में सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग, राजधानी में हिंसक प्रदर्शन के बीच पीएम के इस्तीफे की मांग
अल्बानिया में सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन, तिराना में पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी; पीएम के इस्तीफे की मांग
अल्बानिया की राजधानी तिराना में शनिवार को सरकार विरोधी प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क उठी। प्रधानमंत्री एडी रामा के इस्तीफे की मांग को लेकर हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। शुरुआत में शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन बाद में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव में बदल गया। हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।
यह प्रदर्शन देश में सरकार के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शनों की कड़ी का हिस्सा था। इसकी शुरुआत दक्षिणी अल्बानिया के तटीय इलाके में प्रस्तावित एक बड़े लग्जरी पर्यटन परियोजना के विरोध से हुई थी। इस परियोजना का संबंध अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर द्वारा स्थापित निवेश कंपनी से बताया जाता है।
शनिवार को प्रदर्शनकारी राजधानी के प्रमुख स्कैंडरबेग स्क्वायर पर जमा हुए। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। हालांकि, कुछ देर बाद प्रदर्शन में शामिल नकाबपोश लोगों के छोटे समूहों ने मार्च से अलग होकर सरकारी इमारतों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। इस दौरान इमारतों की खिड़कियां तोड़ी गईं और कुछ प्रदर्शनकारियों ने पेट्रोल बम भी फेंके।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की और सरकारी इमारतों के साथ सड़क पर लगे निगरानी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
देश-विदेश से तिराना पहुंचे प्रदर्शनकारी
इस विरोध रैली में शामिल होने के लिए अल्बानिया के अलग-अलग हिस्सों के अलावा विदेशों से भी लोग राजधानी पहुंचे थे। प्रदर्शन के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया था और आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी।
यह प्रदर्शन अल्बानिया की स्वतंत्रता की घोषणा की 114वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित हुआ। यह दिन देश में राष्ट्रीय गौरव और उत्सव के रूप में मनाया जाता है तथा सार्वजनिक अवकाश भी रहता है। हालांकि, इस बार राष्ट्रीय समारोह के बीच सरकार के खिलाफ बड़े विरोध प्रदर्शन ने राजधानी का माहौल तनावपूर्ण बना दिया।
Comments are closed.