स्पेसएक्स के एक निष्क्रिय रॉकेट का करीब 4,500 किलोग्राम वजनी हिस्सा 5 अगस्त को चंद्रमा से टकराने वाला है।
यह रॉकेट 15 जनवरी 2025 को लॉन्च किया गया था, लेकिन मिशन के बाद इसका एक हिस्सा अंतरिक्ष में ही रह गया और अब वह अनियंत्रित रूप से चंद्रमा की ओर बढ़ रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रॉकेट का यह हिस्सा करीब 8,700 किलोमीटर प्रति घंटे (लगभग मैक 7) की रफ्तार से चंद्रमा की सतह से टकराएगा। इस टक्कर से करीब 30 मीटर चौड़ा गड्ढा बनने का अनुमान है और बड़ी मात्रा में धूल तथा मलबा उछलेगा। यह चंद्रमा से दुर्घटनावश टकराने वाले गिने-चुने रॉकेट अवशेषों में से एक होगा।
अंतरिक्ष ट्रैकिंग विशेषज्ञ बिल ग्रे के अनुसार, टक्कर चंद्रमा के पश्चिमी किनारे पर स्थित आइंस्टीन क्रेटर के पास होने की संभावना है। इससे पहले 2022 में एक चीनी रॉकेट के अवशेष चंद्रमा के सुदूर हिस्से से टकराए थे, जिससे दो क्रेटर बन गए थे।
वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस टक्कर में निकलने वाली ऊर्जा लगभग तीन टन टीएनटी विस्फोट के बराबर होगी। इसके कारण चंद्रमा की सतह पर धूल का बड़ा गुबार उठेगा, जिसे पृथ्वी से देखने की संभावना भी है।
यह घटना तड़के होने की वजह से अमेरिका और कनाडा के पूर्वी हिस्सों तथा दक्षिण अमेरिका के कई इलाकों से बेहतर ढंग से देखी जा सकेगी। हालांकि, यह दृश्य मौसम और स्थानीय परिस्थितियों पर भी निर्भर करेगा। वैज्ञानिक इस टक्कर का इस्तेमाल चंद्रमा की सतह और प्रभाव क्रेटर बनने की प्रक्रिया का अध्ययन करने के लिए भी करेंगे।
Comments are closed.