अरविंद केजरीवाल ने बाढ़ प्रभावित पंजाब का किया दौरा, राहत कार्यों का लिया जायजा
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल गुरुवार दोपहर पंजाब पहुंचे और बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। केजरीवाल ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की, उनकी पीड़ा देखी और राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग अकेले नहीं हैं और पूरा देश उनके साथ खड़ा है। “मुझे विश्वास है कि हम सब मिलकर जल्द ही इस आपदा से उबर जाएंगे,” उन्होंने लिखा।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि 1988 के बाद पंजाब में यह सबसे भीषण बाढ़ है। हमारी टीम, मंत्री, विधायक, अधिकारी और वॉलंटियर्स दिन-रात राहत कार्यों में लगे हुए हैं। जो लोग गांव छोड़ने से इनकार कर रहे हैं, उनके घर तक मदद पहुंचाई जा रही है। हर गांव के लिए एक गज़ेटेड अधिकारी नियुक्त किया गया है ताकि जरूरतमंदों को सहायता के लिए भटकना न पड़े।
भारी बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के जलग्रहण क्षेत्रों में सतलुज, व्यास और रावी नदियों में उफान आया, जिससे पंजाब पूरी तरह बाढ़ की चपेट में है। अब तक कम से कम 40 लोगों की जान जा चुकी है और 3.5 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। शुरुआत में 12 ज़िले प्रभावित थे, लेकिन अब राज्य के सभी 23 ज़िलों को बाढ़ प्रभावित घोषित कर दिया गया है।
Comments are closed.