बांग्लादेश में चुनाव से पहले सियासी घमासान, शेख हसीना ने यूनुस सरकार पर साधा निशाना

1

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अंतरिम सरकार के चीफ एडवाइजर मोहम्मद यूनुस पर जोरदार हमला बोला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेश आज आतंक और अराजकता के दौर से गुजर रहा है और देश के संसाधनों को विदेशी हितों के हवाले करने की साजिश रची जा रही है।

12 फरवरी को होने वाले राष्ट्रीय चुनाव से पहले शेख हसीना का यह बयान सियासी हलकों में हलचल मचा रहा है। अवामी लीग का रजिस्ट्रेशन सस्पेंड कर पार्टी पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद शेख हसीना ने जनता से यूनुस सरकार को सत्ता से हटाने की अपील की है।

भारत से दिया संदेश
2024 में बांग्लादेश छोड़ने के बाद शेख हसीना ने पहली बार भारत में आयोजित एक रैली को संबोधित किया। उनका यह भाषण पहले से रिकॉर्ड किया गया था। उन्होंने कहा,

“बांग्लादेश आज एक खाई के किनारे खड़ा है। देश खून से लथपथ है और अपने इतिहास के सबसे खतरनाक दौर से गुजर रहा है।”

कट्टरपंथ और विदेशी साजिशों का आरोप
पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपिता बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान के नेतृत्व में मुक्ति संग्राम से हासिल की गई मातृभूमि आज कट्टरपंथी सांप्रदायिक ताकतों और विदेशी अपराधियों के हमले से तबाह हो रही है।

उन्होंने कहा, “कभी शांत और उपजाऊ रही हमारी धरती अब घायल है। पूरा देश एक बड़ी जेल, फांसीघर और मौत की घाटी में तब्दील हो गया है।”

जनता की पीड़ा का जिक्र
शेख हसीना ने आगे कहा कि देशभर में लोग सिर्फ जिंदा रहने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हर ओर तबाही के बीच जीवन की गुहार और राहत के लिए दिल दहला देने वाली चीखें सुनाई दे रही हैं।

Comments are closed.