दिल्ली में आज बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी, कई सड़कें रहेंगी बंद; घर से निकलने से पहले पढ़ें ट्रैफिक एडवाइजरी

3

गणतंत्र दिवस समारोह का औपचारिक समापन करने वाला बीटिंग रिट्रीट आज 29 जनवरी को विजय चौक पर भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।

सैन्य परंपरा, अनुशासन और भारतीय संगीत के मनोहारी संगम वाला यह आयोजन हर वर्ष देश-दुनिया का ध्यान दिल्ली की ओर खींचता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में होने वाले इस समारोह में उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और तीनों सेनाओं के प्रमुख शामिल होंगे।

क्या है बीटिंग रिट्रीट की परंपरा?

बीटिंग रिट्रीट एक सदियों पुरानी सैन्य परंपरा है। युद्धकाल में सूर्यास्त के समय बिगुल बजाकर सैनिकों को युद्ध रोककर शिविर लौटने का संकेत दिया जाता था। आज यह परंपरा संयुक्त सैन्य बैंड की भव्य प्रस्तुतियों के जरिए निभाई जाती है। विजय चौक पर थलसेना, नौसेना और वायुसेना के बैंड भारतीय धुनों के साथ समारोह को खास रंग देंगे।

विजय चौक पर इस बार नई पहल

इस वर्ष समारोह में एक अनूठी पहल देखने को मिलेगी। विजय चौक पर बनाए गए सीटिंग एनक्लोजर को भारतीय वाद्य यंत्रों के नाम दिए गए हैं—बांसुरी, डमरू, एकतारा, तबला, वीणा, सितार, शहनाई, संतूर, सरोद, पखावज, नगाड़ा और मृदंगम। यह पहल भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने का प्रतीक है।

संगीत की शानदार प्रस्तुतियां

आर्मी बैंड
कार्यक्रम की शुरुआत ‘कदम कदम बढ़ाए जा’ से होगी। इसके बाद ‘अतुल्य भारत’, ‘वीर सैनिक’, ‘नृत्य सरिता’, ‘मरूनी’ और ‘झेलम’ की धुनें गूंजेंगी।

सीएपीएफ बैंड
‘विजय भारत’, ‘हथरोही’, ‘जय हो’ और ‘वीर सिपाही’ की प्रस्तुतियां होंगी।

एयरफोर्स बैंड
‘ब्रेव वॉरियर’, ‘ट्वाइलाइट’, ‘अलर्ट’ और ‘फ्लाइंग स्टार’ पेश किए जाएंगे।

नेवी बैंड
‘नमस्ते’, ‘सागर पवन’, ‘मातृभूमि’, ‘तेजस्वी’ और ‘जय भारती’ की धुनें सुनाई देंगी।

आर्मी बैंड (अंतिम चरण)
‘विजयी भारत’, ‘आरंभ है प्रचंड है’, ‘ऐ वतन, ऐ वतन’, ‘आनंद मठ’, ‘सुगम्य भारत’ और ‘सितारे हिंद’ प्रस्तुत किए जाएंगे।

समारोह का समापन मास बैंड की ‘भारत की शान’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘ड्रमर्स कॉल’ के बाद अमर धुन ‘सारे जहां से अच्छा’ से होगा।


दिल्ली ट्रैफिक अलर्ट: 29 जनवरी को कई रूट रहेंगे बंद

बीटिंग रिट्रीट समारोह के मद्देनज़र दोपहर 2 बजे से रात 9:30 बजे तक दिल्ली के सेंट्रल इलाके में यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

पूरी तरह बंद रहेंगे ये मार्ग

  • विजय चौक (आम यातायात के लिए)

  • रफी मार्ग: सुनहरी मस्जिद गोलचक्कर से कृषि भवन गोलचक्कर तक

  • रायसीना रोड: कृषि भवन गोलचक्कर से विजय चौक

  • दारा शिकोह रोड, कृष्णा मेनन मार्ग

  • कर्तव्य पथ: विजय चौक से C-Hexagon तक

इन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल

  • रिंग रोड

  • रिज रोड

  • अरबिंदो मार्ग

  • सफदरजंग रोड–कमल अतातुर्क मार्ग

  • रानी झांसी रोड

  • मिंटो रोड

बस रूट में बदलाव

दोपहर 2 बजे से रात 9:30 बजे तक DTC और सिटी बस सेवाओं के रूट बदले जाएंगे।

  • शांति पथ-विनय मार्ग-सरदार पटेल मार्ग से आने वाली बसें पंचशील मार्ग-साइमन बोलिवर मार्ग-वंदे मातरम् मार्ग से चलेंगी

  • केंद्रीय सचिवालय जाने वाली बसें उद्यान मार्ग पर ही समाप्त होंगी

  • कनॉट प्लेस जाने वाली बसें मंदिर मार्ग-काली बाड़ी मार्ग-GPO-बाबा खड़क सिंह मार्ग से डायवर्ट होंगी

  • दक्षिण दिल्ली से तुगलक रोड की ओर आने वाली बसें अरबिंदो चौक से मोड़ी जाएंगी

  • मंडी हाउस और फिरोज़ शाह रोड से आने वाली बसें शिवाजी स्टेडियम पर समाप्त होंगी

पार्किंग व्यवस्था

समारोह देखने आने वाले दर्शकों के लिए शाम 7 बजे के बाद रफी मार्ग और C-Hexagon के बीच जल चैनलों के पीछे पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी।

आम जनता के लिए निर्देश

  • किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को दें

  • यात्रा से पहले रूट की योजना बनाएं और अतिरिक्त समय रखें

  • ताज़ा अपडेट के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के X, फेसबुक, इंस्टाग्राम, वेबसाइट या हेल्पलाइन 1095 का उपयोग करें

Comments are closed.