करीब 14 साल पहले रिलीज हुई फिल्म एजेंट विनोद को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है।
फिल्म में अहम भूमिका निभाने वाले अभिनेता ललित परिमू ने दावा किया है कि फिल्म की असफलता की एक बड़ी वजह लीड स्टार्स सैफ अली खान और करीना कपूर खान की कथित दखलअंदाजी थी। उनका मानना है कि निर्देशक श्रीराम राघवन अपने मूल विजन के मुताबिक फिल्म नहीं बना पाए, जिसका असर अंतिम नतीजे पर पड़ा।
सिद्धार्थ कनन के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान ललित परिमू ने कहा कि फिल्म के निर्माण के दौरान कई स्तरों पर हस्तक्षेप हुआ, जिससे निर्देशक और लेखन टीम को अपनी सोच के अनुरूप काम करने की पूरी स्वतंत्रता नहीं मिल सकी। उनके मुताबिक, जब किसी फिल्म की रचनात्मक दिशा बार-बार बदलती है तो उसका असर कहानी और प्रस्तुति दोनों पर पड़ता है।
ललित परिमू ने कहा कि सिनेमा मूल रूप से निर्देशक का माध्यम होता है और यदि निर्देशक के पास किसी कहानी को लेकर स्पष्ट दृष्टिकोण है तो उसे उसी तरह सामने आने दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कलाकारों के सुझाव उपयोगी हो सकते हैं, लेकिन केवल स्टारडम के आधार पर किए गए बदलाव कई बार फिल्म की गुणवत्ता को प्रभावित कर देते हैं।
जब उनसे पूछा गया कि क्या निर्देशक श्रीराम राघवन ने खुद उनसे इस बारे में चर्चा की थी, तो ललित ने कहा कि दोनों के बीच इस विषय पर बातचीत हुई थी, लेकिन निर्देशक ने विस्तार से कुछ नहीं बताया। हालांकि उन्होंने संकेत दिया कि रचनात्मक हस्तक्षेप को लेकर असंतोष जरूर था।
एजेंट विनोद का निर्देशन श्रीराम राघवन ने किया था और इसे एक बड़े पैमाने की स्पाई-थ्रिलर के रूप में तैयार किया गया था। फिल्म में सैफ अली खान ने एक रॉ एजेंट की भूमिका निभाई थी, जबकि करीना कपूर खान भी महत्वपूर्ण किरदार में नजर आई थीं। फिल्म की शूटिंग भारत के अलावा रूस और स्विट्जरलैंड जैसे देशों में की गई थी। मुंबई, दिल्ली, जैसलमेर और लद्दाख में भी इसके कई हिस्से फिल्माए गए थे।
करीब 60 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म को पूरा होने में लगभग दो साल का समय लगा था। फिल्म का निर्माण सैफ अली खान के प्रोडक्शन हाउस इल्यूमिनाटी फिल्म्स ने किया था। इसमें गुलशन ग्रोवर, प्रेम चोपड़ा, राम कपूर और रवि किशन जैसे कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में दिखाई दिए थे।
हालांकि रिलीज के समय फिल्म को लेकर काफी उम्मीदें थीं, लेकिन यह बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी। अब वर्षों बाद ललित परिमू के बयान ने फिल्म की असफलता को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
Comments are closed.