विवादित विज्ञापन पर भड़के ट्रंप, 10% अतिरिक्त टैरिफ का ऐलान
अमेरिका और कनाडा के बीच बढ़ते व्यापारिक तनाव ने अब नया मोड़ ले लिया है। कनाडा के एक विवादित टैरिफ विज्ञापन ने दोनों देशों के बीच रिश्तों में और खटास पैदा कर दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस विज्ञापन को “फर्जी और भ्रामक” बताते हुए कनाडा पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त इंपोर्ट टैरिफ लगाने की घोषणा की है। इसके लागू होने के बाद कनाडा से आने वाले उत्पादों पर कुल 45% तक शुल्क देना होगा।
ट्रंप ने इस कदम से ठीक एक दिन पहले कनाडा के साथ सभी व्यापार वार्ताएं रोक दी थीं। उनका कहना है कि कनाडा ने अमेरिका के साथ “धोखाधड़ी” की है और रोनाल्ड रीगन के पुराने बयानों का गलत इस्तेमाल किया है।
रीगन के नाम पर “फर्जी” विज्ञापन
ट्रंप ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “कनाडा को रोनाल्ड रीगन के टैरिफ पर दिए गए बयान को तोड़-मरोड़कर दिखाने वाले एक फर्जी विज्ञापन में पकड़ा गया है। रीगन फाउंडेशन ने पुष्टि की है कि इस एड में बिना अनुमति लिए उनके पुराने रेडियो संबोधनों का गलत इस्तेमाल किया गया।”
उन्होंने आगे कहा कि फाउंडेशन अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रहा है।
“कनाडा ने अमेरिका को नुकसान पहुंचाया”
ट्रंप के मुताबिक, कनाडा लंबे समय से उन टैरिफ़ों का दुरुपयोग कर रहा है जो अमेरिकी उद्योगों को कमजोर करते हैं। उन्होंने कहा, “अब अमेरिका खुद को कनाडा और बाकी दुनिया की अनुचित व्यापारिक नीतियों से बचाने में सक्षम है।”
विज्ञापन नहीं हटाने पर बढ़ा टकराव
ट्रंप ने कहा कि विवादित विज्ञापन को वर्ल्ड सीरीज़ के दौरान प्रसारित करना कनाडा का “शत्रुतापूर्ण कदम” था। उन्होंने कहा, “विज्ञापन तुरंत हटाया जाना चाहिए था, लेकिन कनाडा ने जानबूझकर इसे चलने दिया। इसलिए मैं 10% एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने की घोषणा कर रहा हूं।”
अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला अमेरिका-कनाडा व्यापार संबंधों में नई खाई पैदा कर सकता है, जिससे दोनों देशों की अर्थव्यवस्था पर गहरा असर पड़ने की संभावना है।
Comments are closed.