प्रेस इन्फारमेशन ब्यूरो (PIB) ने सोशल मीडिया पर वायरल उस दावे को पूरी तरह फर्जी बताया है, जिसमें पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी का दावा किया गया था।
वायरल पोस्ट में कहा गया था कि पेट्रोल 10 रुपये प्रति लीटर और डीजल 12.50 रुपये प्रति लीटर महंगा कर दिया गया है, जिसे पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय का आदेश बताया जा रहा था।
PIB फैक्ट चेक के अनुसार, भारत सरकार की ओर से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। एजेंसी ने साफ कहा कि इंटरनेट पर प्रसारित यह दस्तावेज फर्जी है और इसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। लोगों से अपील की गई है कि वे ऐसी अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें और न ही उसे आगे शेयर करें।
फर्जी दस्तावेज में क्या था दावा
वायरल सर्कुलर में यह भी कहा गया था कि वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में 100% से ज्यादा वृद्धि के कारण कंपनियों को भारी नुकसान हो रहा है, इसलिए ईंधन की कीमतें तुरंत बढ़ाना जरूरी हो गया है। इसके साथ एक और कथित नोटिफिकेशन शेयर किया गया, जिसे वित्त मंत्रालय से जुड़ा बताया गया था और इसमें कानूनी आधार देने की कोशिश की गई थी।
अधिकारियों ने किया खंडन
सरकारी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सभी प्रमुख शहरों में दरें पहले की तरह ही स्थिर बनी हुई हैं।
प्रमुख शहरों में मौजूदा कीमतें
दिल्ली: पेट्रोल ₹94.77/लीटर, डीजल ₹87.67/लीटर
मुंबई: पेट्रोल ₹103.54/लीटर, डीजल ₹90.03/लीटर
लोगों के लिए सलाह
सरकार ने नागरिकों से कहा है कि किसी भी कीमत से जुड़ी जानकारी की पुष्टि केवल आधिकारिक स्रोतों से ही करें। सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरें न सिर्फ भ्रम पैदा करती हैं, बल्कि अनावश्यक चिंता भी बढ़ा सकती हैं।
Comments are closed.