फाइनेंशियल ईयर 2025-26 खत्म होने में अब सिर्फ कुछ दिन बचे हैं और 1 अप्रैल 2026 से कई नए नियम लागू हो जाएंगे।
ऐसे में अगर आपने समय रहते अपने निवेश, टैक्स सेविंग और जरूरी फाइनेंशियल काम पूरे नहीं किए, तो आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है। यहां जानिए ऐसे 5 जरूरी काम, जिन्हें 31 मार्च से पहले निपटाना बेहद जरूरी है।
1. PPF और सुकन्या समृद्धि योजना में न्यूनतम निवेश
अगर आपके पास PPF या सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) का खाता है, तो सालाना न्यूनतम निवेश करना अनिवार्य है। PPF में कम से कम ₹500 और SSY में ₹250 जमा करना जरूरी है। तय समय तक रकम जमा न करने पर खाता निष्क्रिय हो सकता है और उसे दोबारा चालू करने के लिए जुर्माना देना पड़ सकता है।
2. NPS में योगदान पूरा करें
नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) रिटायरमेंट के लिए एक अहम निवेश विकल्प है। आयकर कानून के तहत सेक्शन 80CCD(1B) में ₹50,000 तक अतिरिक्त टैक्स छूट मिलती है। वहीं, टियर-1 अकाउंट को सक्रिय रखने के लिए साल में कम से कम ₹1,000 जमा करना जरूरी है।
3. PAN-Aadhaar लिंकिंग और KYC अपडेट
अगर आपका PAN और Aadhaar लिंक नहीं है या बैंक/डीमैट अकाउंट में KYC अधूरी है, तो इसे तुरंत पूरा करें। ऐसा न करने पर आपके बैंकिंग ट्रांजेक्शन रुक सकते हैं और निवेश खाते फ्रीज हो सकते हैं।
4. पुरानी टैक्स व्यवस्था में निवेश
जो लोग पुरानी टैक्स रिजीम चुनते हैं, उनके लिए सेक्शन 80C के तहत ₹1.5 लाख तक की छूट का मौका है। इसमें LIC, ELSS, 5 साल की FD और बच्चों की ट्यूशन फीस जैसे निवेश शामिल हैं। इसके अलावा, सेक्शन 80D के तहत हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम पर भी टैक्स लाभ मिलता है। ध्यान रखें कि सभी निवेश के दस्तावेज 31 मार्च तक जमा कर दें।
5. होम लोन की EMI और प्री-पेमेंट
होम लोन लेने वालों के लिए भी मार्च का महीना अहम होता है। प्रिंसिपल पर सेक्शन 80C और ब्याज पर सेक्शन 24(b) के तहत टैक्स छूट मिलती है। अगर संभव हो, तो 31 मार्च से पहले अतिरिक्त प्री-पेमेंट करके ब्याज का बोझ घटाएं और टैक्स बचत का लाभ उठाएं।
समय रहते इन जरूरी कामों को पूरा करके आप न सिर्फ जुर्माने से बच सकते हैं, बल्कि बेहतर टैक्स प्लानिंग के जरिए अपनी बचत भी बढ़ा सकते हैं।
Comments are closed.