दूषित पेयजल संकट: राहुल गांधी आज इंदौर में पीड़ित परिवारों से करेंगे मुलाकात

3

दूषित पेयजल से 24 लोगों की मौत और 3,300 से अधिक लोगों के बीमार होने के मामले में प्रभावित परिवारों का हाल जानने के लिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को इंदौर पहुंचेंगे।

वह अस्पताल में भर्ती बीमारों से मुलाकात करने के साथ-साथ भागीरथपुरा क्षेत्र में मृतकों के परिजनों से भी मिलेंगे। पीड़ित परिवारों से मुलाकात के लिए कांग्रेस ने प्रशासन को चार घरों की सूची सौंपी है, लेकिन शुक्रवार शाम तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि राहुल गांधी सभी घरों तक पहुंच पाएंगे या नहीं। भागीरथपुरा की संकरी गलियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। सीआरपीएफ और अन्य एजेंसियों ने सुरक्षा कारणों से अंदर प्रवेश पर आपत्ति जताई है, क्योंकि आपात स्थिति में कारकेड को तेजी से निकालने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। हालांकि, कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जरूरत पड़ने पर राहुल गांधी पैदल चलकर भी पीड़ितों के घरों तक जाएंगे।

इस बीच, भागीरथपुरा कांड को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन की तैयारी कर ली है। राहुल गांधी की इंदौर यात्रा के साथ ही 17 जनवरी को मध्य प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस उपवास करेगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राहुल गांधी शनिवार सुबह 11 बजे विशेष विमान से इंदौर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं से मुलाकात के बाद वह 11:45 बजे शहर के एक निजी अस्पताल जाकर भर्ती मरीजों का हाल जानेंगे। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे भागीरथपुरा बस्ती पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे। लगभग एक घंटे बाद, दोपहर 1:45 बजे वह रवाना हो जाएंगे। बताया गया है कि राहुल गांधी ने छह माह के आव्यान के परिवार से मिलने की विशेष इच्छा जताई है।

सुमित्रा महाजन का बयान

राहुल गांधी की यात्रा से एक दिन पहले शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के इंदौर स्थित निवास पहुंचे। पटवारी ने बताया कि वह मार्गदर्शन लेने पहुंचे थे। इस दौरान महाजन ने कहा कि जब उनकी पार्टी विपक्ष में थी, तब वे भी विरोध करती थीं।

उन्होंने कहा कि विरोध जरूरी है, लेकिन समाधान निकालना भी उतना ही अहम है। दूषित जल संकट के स्थायी समाधान के लिए उन्होंने आईआईटी, आईआईएम और एसजीएसआईटी जैसे संस्थानों के विशेषज्ञों की मदद लेने का सुझाव दिया।

Comments are closed.