मुनीर-शहबाज के कहने पर रुका हमला? ट्रंप ने सीजफायर का श्रेय पाकिस्तान को दिया

0

अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच युद्धविराम को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है।

सीजफायर की तय समयसीमा खत्म होने से कुछ घंटे पहले ही डोनाल्ड ट्रंप ने इसे आगे बढ़ाने का एलान कर दिया। उन्होंने कहा कि ईरान की ओर से औपचारिक प्रस्ताव आने तक संघर्ष विराम जारी रहेगा।

इस फैसले के साथ ही ट्रंप ने पाकिस्तान की भूमिका को भी प्रमुखता से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ हुई बातचीत के बाद यह कदम उठाया गया। ट्रंप के मुताबिक, ईरानी नेतृत्व के भीतर मतभेद हैं और ऐसे में उन्हें एक साझा प्रस्ताव पेश करने के लिए समय देना जरूरी है।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ’ पर लिखा कि पाकिस्तान के आग्रह पर संभावित हमले को फिलहाल टाल दिया गया है। हालांकि उन्होंने साफ किया कि रणनीतिक दबाव बनाए रखने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास ईरान से जुड़े कुछ बंदरगाहों की नाकाबंदी जारी रहेगी, जबकि अमेरिकी सेना पूरी तरह सतर्क और तैयार रहेगी।

दूसरी ओर, पाकिस्तान ने भी इस फैसले का स्वागत किया है। आसिम मुनीर ने सार्वजनिक तौर पर ट्रंप का आभार जताते हुए कहा कि इस्लामाबाद कूटनीतिक समाधान की दिशा में सक्रिय प्रयास जारी रखेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी वार्ता में दोनों पक्ष स्थायी शांति समझौते की ओर बढ़ सकते हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस पूरी कवायद के जरिए पाकिस्तान खुद को एक उभरते वैश्विक मध्यस्थ के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहा है। आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे देश के लिए यह पहल अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी छवि मजबूत करने और निवेश आकर्षित करने का मौका भी बन सकती है।

Comments are closed.