प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक ऐसे बड़े निवेश घोटाले का खुलासा किया है, जिसमें शरिया कानून का पालन करने वाले मुस्लिम समुदाय के लोगों को खास तौर पर निशाना बनाया गया।
आरोप है कि निवेशकों को बिना ब्याज के “हलाल कमाई” और सालाना 36 फीसदी तक रिटर्न का लालच देकर हजारों करोड़ रुपये जुटाए गए।
इस मामले की मुख्य आरोपी हैदराबाद की रहने वाली नौहेरा शेख है, जिस पर करीब 6 हजार करोड़ रुपये की पॉन्जी स्कीम चलाने का आरोप है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस स्कीम के जरिए लाखों लोगों से निवेश कराया गया और शुरुआती निवेशकों को मोटा मुनाफा देकर भरोसा बनाया गया। बाद में बड़ी संख्या में लोग अपनी जमा पूंजी गंवा बैठे।
गुरुग्राम के होटल से गिरफ्तारी
एक महीने से अधिक समय से फरार चल रही नौहेरा शेख को हाल ही में गुरुग्राम के एक होटल से गिरफ्तार किया गया। सुप्रीम कोर्ट ने उसकी जमानत याचिका खारिज करते हुए आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था। जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपी कई बार अदालत और एजेंसियों को गुमराह करने की कोशिश कर चुकी है।
सुप्रीम कोर्ट को भी गुमराह करने का आरोप
नौहेरा शेख ने अदालत में दावा किया था कि उसने हैदराबाद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था, लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में नहीं लिया। हालांकि जांच में उसके दावों पर सवाल उठे।
400 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति जब्त
ईडी ने आरोपी और उससे जुड़े लोगों की 400 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की हैं। अब इन संपत्तियों को बेचकर पीड़ित निवेशकों को रकम लौटाने की प्रक्रिया चल रही है।
लाखों लोगों से निवेश कराने का आरोप
ईडी के मुताबिक, नौहेरा शेख, उसके परिवार और सहयोगियों ने बड़े पैमाने पर लोगों को निवेश के लिए प्रेरित किया। शुरुआत में निवेशकों को भारी रिटर्न दिया गया, लेकिन बाद में करीब 1.7 लाख निवेशकों को नुकसान उठाना पड़ा।
पीएमओ अधिकारी बनकर आदेश रुकवाने की कोशिश
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के एक सहयोगी ने खुद को पीएमओ अधिकारी बताकर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को प्रभावित करने की कोशिश की। उसे जनवरी में गिरफ्तार किया गया था।
छापेमारी में लग्जरी गाड़ियां और नकदी बरामद
साल 2024 में ईडी ने नौहेरा शेख के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान 12 लग्जरी गाड़ियां जब्त की थीं। इनमें BMW, Mercedes-Benz, Mahindra Scorpio और कई Toyota Fortuner शामिल थीं। इसके अलावा 92 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए थे।
Comments are closed.