देशभर में सोमवार को एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की गई।
तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया है। दो सप्ताह से भी कम समय में यह चौथी बार है, जब ईंधन की कीमतें बढ़ाई गई हैं।
नई दरें लागू होने के बाद दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। लगातार बढ़ती कीमतों से आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ता जा रहा है।
प्रमुख शहरों में पेट्रोल के नए दाम
देश के अलग-अलग शहरों में पेट्रोल की कीमतें अलग-अलग हैं। कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये, मुंबई में 111.21 रुपये, बेंगलुरु में 110.60 रुपये और जयपुर में 113.40 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं नोएडा और लखनऊ में पेट्रोल 101.90 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। पटना में इसकी कीमत 113.50 रुपये प्रति लीटर दर्ज की गई है।
डीजल के दाम भी बढ़े
डीजल की कीमतों में भी तेज बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि कोलकाता में यह 99.80 रुपये और मुंबई में 97.80 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। हैदराबाद में डीजल 103.80 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
शनिवार को भी बढ़े थे दाम
इससे पहले शनिवार को भी पेट्रोल और डीजल महंगे किए गए थे। उस दिन पेट्रोल के दाम में 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी। साथ ही दिल्ली में सीएनजी की कीमत भी 1 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाकर 81.09 रुपये कर दी गई थी।
क्यों बढ़ रही हैं ईंधन की कीमतें?
तेल कंपनियों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ईरान द्वारा होर्मुज स्ट्रेट पर नियंत्रण के कारण वैश्विक तेल सप्लाई प्रभावित हुई है। होर्मुज मार्ग दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल व्यापार मार्गों में से एक माना जाता है। वहां तनाव बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल देखा जा रहा है।
हालांकि पिछले कई सप्ताह तक सरकारी तेल कंपनियां पुरानी दरों पर ईंधन बेच रही थीं, लेकिन बढ़ती लागत के चलते अब कीमतों में लगातार संशोधन किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियों को रोजाना भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था, जिसके बाद दाम बढ़ाने का फैसला लिया गया।
Comments are closed.