बेंगलुरु में पीएम मोदी की सुरक्षा में बड़ी चूक, 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

2

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बेंगलुरु यात्रा से पहले सुरक्षा व्यवस्था में कथित लापरवाही सामने आने के बाद छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

यह कार्रवाई उस घटना के बाद हुई, जिसमें प्रधानमंत्री के काफिले के निर्धारित मार्ग के पास जिलेटिन स्टिक बरामद हुई थीं। जानकारी के मुताबिक, 10 मई को प्रधानमंत्री मोदी को आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के 45वें स्थापना कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर जाना था। कार्यक्रम से पहले सुरक्षा जांच और निरीक्षण के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल को सर्किट और टाइमर से जुड़ी जिलेटिन की छड़ें मिलीं।

घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और मामले की जांच शुरू की गई। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।

प्राथमिक जांच में सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही के आरोप सामने आने के बाद बेंगलुरु दक्षिण जिले के पुलिस अधीक्षक आर. श्रीनिवास गौड़ा ने छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। इनमें एक सब-इंस्पेक्टर, एक सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) और चार कांस्टेबल शामिल हैं।

फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि जिलेटिन स्टिक वहां कैसे पहुंचीं और सुरक्षा जांच के दौरान पहले उनका पता क्यों नहीं चल पाया।

Comments are closed.