होर्मुज संकट पर ब्रिटेन-फ्रांस अलर्ट, माइंस हटाने की तैयारी शुरू

3

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के संकेतों के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से सुरक्षित और सामान्य बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं।

ब्रिटेन की रॉयल नेवी ने समुद्री बारूदी सुरंगों (माइंस) को हटाने के लिए अपनी तैयारी पूरी कर ली है, ताकि व्यापारिक जहाजों की आवाजाही बिना रुकावट दोबारा शुरू कराई जा सके। इस मिशन में फ्रांस भी ब्रिटेन का साथ देगा।

जानकारी के मुताबिक, जिब्राल्टर में तैनात ब्रिटिश युद्धपोत आरएफए लाइम बे पर बड़ी संख्या में नौसैनिक तैनात हैं, जिन्हें संभावित माइंस क्लियरेंस ऑपरेशन के लिए तैयार रखा गया है। हालांकि ब्रिटेन ने साफ किया है कि यह अभियान तभी शुरू होगा, जब क्षेत्र में किसी तरह का शांति समझौता या तनाव कम होने की औपचारिक स्थिति बन जाएगी।

होर्मुज में बढ़ा था तनाव

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में गिना जाता है। हाल के दिनों में ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने यहां बड़े पैमाने पर समुद्री माइंस बिछा दी थीं। साथ ही जहाजों को तय रूट से गुजरने के निर्देश भी दिए गए थे, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति और समुद्री व्यापार पर असर पड़ा।

ट्रंप ने NATO देशों पर जताई नाराजगी

ईरान के साथ बढ़ते तनाव के दौरान अमेरिका ने सहयोगी देशों से होर्मुज को सुरक्षित बनाने में मदद मांगी थी। लेकिन कई NATO देशों ने सीधे युद्ध में शामिल होने से इनकार कर दिया था। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने इसको लेकर नाराजगी भी जताई थी।

हालांकि NATO देशों का कहना था कि वे युद्ध का हिस्सा नहीं बनेंगे, लेकिन हालात सामान्य होने के बाद माइंस हटाने और समुद्री रास्ते बहाल करने में सहयोग करेंगे।

ब्रिटेन-फ्रांस की संयुक्त तैयारी

ब्रिटेन के रक्षा मंत्री Al Carns ने हाल ही में आरएफए लाइम बे का दौरा किया। इस युद्धपोत पर ब्रिटेन और फ्रांस के सैनिक तैनात हैं। जहाज पर समुद्री माइंस को निष्क्रिय करने वाले ड्रोन और विशेष उपकरण भी मौजूद हैं।

ईरान ने इजरायली ड्रोन मार गिराने का दावा किया

इसी बीच ईरान ने दावा किया है कि उसकी नौसेना ने होर्मुजगान प्रांत के ऊपर उड़ान भर रहे एक इजरायली जासूसी ड्रोन को मार गिराया है। ईरानी मीडिया के मुताबिक, ड्रोन का मलबा भी बरामद कर लिया गया है। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

Comments are closed.