एपस्टीन मौत मामला: सेलमेट को मिला कथित सुसाइड नोट, आखिरी संदेश में चौंकाने वाला खुलासा

2

अमेरिकी फाइनेंसर और यौन शोषण के मामलों में आरोपी जेफरी एपस्टीन की मौत को लेकर एक नया खुलासा सामने आया है, जिसने इस बहुचर्चित मामले पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त 2019 में जेल में मौत से पहले एपस्टीन ने एक कथित सुसाइड नोट लिखा था, जिसे पिछले सात वर्षों से गोपनीय रखा गया था।

रिपोर्ट के अनुसार, यह नोट सबसे पहले एपस्टीन के सेलमेट निकोलस टार्टाग्लियोन को मिला था, जो एक पूर्व पुलिस अधिकारी है और हत्या व ड्रग्स से जुड़े मामलों में दोषी ठहराया जा चुका है। यह घटना जुलाई 2019 की है, जब एपस्टीन की पहली कथित आत्महत्या की कोशिश के कुछ दिनों बाद वह बेहोशी की हालत में पाया गया था।

टार्टाग्लियोन का दावा है कि उसे यह नोट जेल की कोठरी में रखी एक ग्राफिक नॉवेल के अंदर मिला। पीले कागज के इस टुकड़े पर लिखा था—“अलविदा कहने का समय आ गया है।” हालांकि, उसने यह नोट जेल प्रशासन को सौंपने के बजाय अपने वकीलों को दे दिया, जिन्होंने इसकी प्रामाणिकता का दावा किया, लेकिन इसकी पुष्टि कैसे की गई, यह स्पष्ट नहीं है।

बाद में टार्टाग्लियोन ने कहा कि उसने ऐसा इसलिए किया क्योंकि उसे आशंका थी कि एपस्टीन उस पर हमला करने या उसे आत्महत्या जैसा दिखाने की साजिश का आरोप लगा सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, इस नोट को मामले की सुनवाई कर रहे संघीय न्यायाधीश ने सीलबंद कर दिया था और अब तक इसे न तो सार्वजनिक किया गया है और न ही जांच एजेंसियों के साथ साझा किया गया है। टार्टाग्लियोन अब कोर्ट से इस नोट को सार्वजनिक करने की मांग कर रहा है, यह कहते हुए कि यह एपस्टीन की मानसिक स्थिति और उसकी मौत से जुड़े सवालों पर रोशनी डाल सकता है।

गौरतलब है कि एपस्टीन को जुलाई 2019 में संघीय मानव तस्करी के आरोपों में गिरफ्तार किया गया था। ट्रायल शुरू होने से पहले ही अगस्त 2019 में मैनहैटन की जेल में उसकी मौत हो गई थी। इस घटना ने जेल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए थे, और तब से यह मामला लगातार विवादों में बना हुआ है।

Comments are closed.