पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में मंगलवार को दो कोचिंग संस्थानों के छात्रों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
घटना प्रतिष्ठित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हुई, जहां पथराव और कथित फायरिंग की सूचना मिली। इस दौरान संस्थान के एक सुरक्षा गार्ड के सिर में चोट लग गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खान क्लासेस और ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते बड़े विवाद में बदल गई। दोनों पक्षों के लोगों के बीच पथराव हुआ और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान फायरिंग होने के भी आरोप लगाए गए हैं, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हंगामे के बीच खान क्लासेस के बाहर लगे बैनर को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और कई थानों की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
कदमकुआं थानाध्यक्ष जन्मजेय कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फायरिंग और हिंसा के आरोप लगाए हैं। खान क्लासेस की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, जबकि दूसरे पक्ष ने भी जवाबी आरोप लगाए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद खान सर ने कहा कि उनके संस्थान को लंबे समय से प्रतिस्पर्धा के कारण निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोगों को कम फीस में शिक्षा उपलब्ध कराने और बेहतर परिणाम मिलने से आपत्ति है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग करते हुए कहा कि शिक्षा के लिए आने वाले छात्रों और संस्थान के कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
खान सर ने यह भी आरोप लगाया कि उपद्रवियों ने संस्थान के कार्यालय में तोड़फोड़ की और गोलीबारी की। उनके अनुसार, घटना से जुड़े कुछ लोगों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और सुरक्षा गार्ड की मदद से की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Comments are closed.