दिल्ली-NCR में गर्मी का सितम होगा कम, आज से बारिश और तेज हवाओं के आसार

0

दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को भी भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत नहीं मिली। राजधानी के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे ऊपर दर्ज किया गया

जबकि हीट इंडेक्स 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। हालांकि मौसम विभाग ने गुरुवार से मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है। पालम और रिज इलाके सबसे गर्म रहे, जहां पारा 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं हीट इंडेक्स 48.4 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस हुई।

हालांकि मंगलवार रात हुई बारिश का असर सुबह के मौसम पर दिखा। न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री कम रहा। यह एक दिन पहले के मुकाबले करीब 9 डिग्री की गिरावट थी। दिन के दौरान हवा में नमी का स्तर 29 से 84 प्रतिशत के बीच बना रहा, जिससे उमस बढ़ गई।

मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार, दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

शुक्रवार को भी मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है। इसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत के अनुसार, मध्य पाकिस्तान और उससे सटे क्षेत्रों में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में तेज हवाएं और छिटपुट बारिश देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि गुरुवार से प्री-मानसून गतिविधियां और मजबूत होंगी, जिससे दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में व्यापक बारिश हो सकती है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ने के साथ तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज हो सकती है और पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ सकता है। इससे लंबे समय से भीषण गर्मी और लू का सामना कर रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

क्षेत्र अधिकतम तापमान (°से.) न्यूनतम तापमान (°से.)
सफदरजंग 42.4 22.9
पालम 43.0 28.0
लोधी रोड 42.4 22.8
रिज क्षेत्र 43.6 27.4
आयानगर 43.0 28.4
पूसा 41.0 25.4
नजफगढ़ 40.8 28.4
मयूर विहार 40.6 28.4

Comments are closed.