दिल्ली में गर्मी का असर तेज होने के साथ मौसम ने एक बार फिर करवट ली है।
राजधानी में साफ आसमान और तेज धूप के चलते तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मई महीने का अब तक का सबसे गर्म दिन माना जा रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक गर्मी से राहत की उम्मीद कम है। अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 से 29 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। शुक्रवार को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन तापमान करीब 41 डिग्री के आसपास रह सकता है।
इसी बीच राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने दिल्ली के कुछ इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया है। अगले तीन घंटों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं, बिजली कड़कने और मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें, क्योंकि आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना रह सकता है। हालांकि बारिश से कुछ समय के लिए गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन मौसम के अचानक बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Comments are closed.