रूस का यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला, 1500 से ज्यादा ड्रोन और 100 से अधिक मिसाइलें दागीं
रूस ने चार साल से जारी युद्ध के दौरान यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया है। बुधवार-गुरुवार की रात रूस ने राजधानी कीव समेत कई प्रमुख शहरों को निशाना बनाते हुए 1,560 से अधिक ड्रोन और करीब 100 मिसाइलें दागीं।
इन हमलों में भारी जनहानि हुई है। कीव में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य क्षेत्रों को मिलाकर कुल 11 से अधिक लोगों के मारे जाने और दर्जनों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि अधिकतर ड्रोन और मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया गया, लेकिन जो बच गए उन्होंने कई शहरों में भारी नुकसान पहुंचाया। कीव में 20 से अधिक स्थानों पर हमले हुए, जिसमें एक नौ मंजिला इमारत ढह गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी है और लापता लोगों की संख्या भी सामने आई है, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। हमलों से कई आवासीय इमारतों, पानी-बिजली आपूर्ति और ऊर्जा ढांचे को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
खार्कीव और ओडेसा जैसे शहर भी हमलों की चपेट में आए, जहां बच्चों समेत कई लोग घायल हुए। ऊर्जा संयंत्रों पर हमलों के कारण कई प्रांतों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है और रेल व बंदरगाह नेटवर्क भी प्रभावित हुआ है।
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि रूस पर दबाव बढ़ाया जाए और यूक्रेन की एयर डिफेंस क्षमता को मजबूत करने के लिए अधिक सहायता दी जाए।
Comments are closed.