दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में बुधवार को हुई बारिश का असर साफ तौर पर मैदानी इलाकों में देखने को मिला।
तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली। हालांकि अब मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई इलाकों में छिटपुट वर्षा और गरज-चमक दर्ज की गई। आने वाले दिनों में मैदानी क्षेत्रों में हल्की धुंध रह सकती है, लेकिन फिलहाल व्यापक बारिश के आसार नहीं हैं। अगले दो दिनों में उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में तापमान फिर बढ़ने की संभावना जताई गई है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।
दिल्ली में फिर बढ़ेगी गर्मी
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को न्यूनतम तापमान 15 से 15.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि अधिकतम तापमान गिरकर 21 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि 20 फरवरी से 24 फरवरी के बीच न्यूनतम तापमान 12 डिग्री से बढ़कर 15-17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं अधिकतम तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ते हुए 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। ऐसे में फरवरी के अंतिम सप्ताह तक धूप की तपिश महसूस होने लगेगी।
उत्तर-पश्चिम भारत में चढ़ेगा पारा
उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी संभव है। वहीं मध्य भारत में अगले पांच दिनों के दौरान तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा। गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में भी अगले दो दिनों तक तापमान लगभग स्थिर रहने की संभावना है।
मछुआरों के लिए चेतावनी
19 और 20 फरवरी को हिंद महासागर, श्रीलंका तट और मन्नार की खाड़ी के आसपास मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की गई है। 21 फरवरी को पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों और 22 फरवरी को श्रीलंका तट के आसपास भी समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में बारिश हुई। राजस्थान के बीकानेर और नागौर में ओले गिरे, जबकि हरियाणा के नारनौल में भी ओलावृष्टि दर्ज की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बागपत, मुजफ्फरनगर, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़ और बुलंदशहर समेत कई जिलों में बारिश हुई। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बादल छाए रहे और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
Comments are closed.