यूपी में 11 DM सहित 33 आइएएस का ट्रांसफर, CM योगी के सचिव भी बदले गए

0 23

शासन ने सोमवार देर रात 11 जिलाधिकारी सहित 33 आइएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। वाराणसी के मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा को मुख्यमंत्री का सचिव, आजमगढ़ के जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल और कुशीनगर के जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज को विशेष सचिव बनाया गया है।

वाराणसी के जिलाधिकारी एस. राजलिंगम अब मंडलायुक्त का दायित्व संभालेंगे। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव सत्येन्द्र कुमार वाराणसी के जिलाधिकारी बनाए गए हैं। स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन के प्रमुख सचिव अमित गुप्ता को परिवहन विभाग के साथ ही परिवहन निगम के अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉर्पोरेशन के एमडी जगदीश को अब गृह सचिव बनाया गया है। भदोही के जिलाधिकारी विशाल सिंह सूचना निदेशक बने हैं। इंद्रजीत सिहं को हटाकर गौरव कुमार को लखनऊ का नगर आयुक्त बनाया गया है।

इन जिलों के जिलाधिकारी बदले गए
जिन जिलों के जिलाधिकारियों के तबादले किए गए हैं, उनमें वाराणसी, हापुड़, आजमगढ़, बरेली, अंबेडकरनगर, गाजीपुर, झांसी, महोबा, कुशीनगर, संत कबीरनगर और भदोही हैं। गोरखपुर, प्रयागराज व श्रावस्ती में नए मुख्य विकास अधिकारी तैनात किए गए हैं।

इसके अलावा गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार मीणा को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष जबकि इस पद पर कार्यरत अभिषेक पांडेय हापुड़ के जिलाधिकारी बनाए गए हैं। श्रावस्ती के मुख्य विकास अधिकारी मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बने हैं। सूचना निदेशक शिशिर को अब खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड का मुख्य कार्यपालक अधिकारी के साथ ही एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.