होर्मुज जलडमरूमध्य और खाड़ी क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों पर हालिया हमलों ने वैश्विक तेल आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच सोमवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में करीब 3 प्रतिशत का जोरदार उछाल दर्ज किया गया। ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 3 प्रतिशत बढ़कर 107.74 डॉलर प्रति बैरल, जबकि अमेरिकी क्रूड फ्यूचर्स 2.88 प्रतिशत की तेजी के साथ 102.93 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
तेल बाजार में यह तेजी ऐसे समय आई है जब खाड़ी क्षेत्र में जहाजों और ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमलों की घटनाएं बढ़ रही हैं। इससे दुनिया के प्रमुख तेल आपूर्ति मार्गों को लेकर निवेशकों की चिंता और गहरी हो गई है।
सऊदी अरब में भी हमले
सऊदी अरब की सरकारी मीडिया के मुताबिक, हूती विद्रोहियों ने देश के दक्षिणी जाजान प्रांत को निशाना बनाया। हमले में कुछ घरों और एक मस्जिद को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। हूतियों ने पड़ोसी प्रांत में स्थित एक सऊदी सैन्य अड्डे पर भी हमला किया।
इसी बीच ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा एजेंसी यूकेएमटीओ ने होर्मुज जलडमरूमध्य में एक जहाज पर प्रोजेक्टाइल से हमला किए जाने की जानकारी दी। हमले के बाद जहाज में आग लग गई और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा।
सऊदी पाइपलाइन बंद होने से बढ़ी चिंता
तेल आपूर्ति को लेकर चिंता तब और बढ़ गई जब शुक्रवार को ड्रोन हमले के बाद सऊदी अरब की ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन को बंद करना पड़ा। यह पाइपलाइन सऊदी अरब को होर्मुज जलडमरूमध्य से बचते हुए वैकल्पिक मार्ग के जरिए तेल निर्यात करने में मदद करती है।
दुनिया के सबसे बड़े तेल निर्यातक देशों में शामिल सऊदी अरब की इस महत्वपूर्ण पाइपलाइन के बंद होने से वैश्विक तेल आपूर्ति के करीब 4 प्रतिशत हिस्से पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। लगातार आपूर्ति व्यवधानों के चलते पिछले सप्ताह कच्चे तेल की कीमतों में करीब 8 प्रतिशत की तेजी आई थी और जुलाई के बाद पहली बार कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से ऊपर पहुंची थीं।
होर्मुज को लेकर कूटनीतिक प्रयास भी प्रभावित
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बढ़ते तनाव के बीच खाड़ी देशों और ईरान के बीच प्रस्तावित बैठक भी टल गई है। ओमान के विदेश मंत्री बद्र अलबुसैदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि होर्मुज के मुद्दे पर चर्चा के लिए ओमान में होने वाली बैठक को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। ऐसे में यहां बढ़ते सैन्य तनाव और जहाजों पर हमलों से आने वाले दिनों में कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव बने रहने की आशंका है।
Comments are closed.