ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का ऐतिहासिक जलवा, 7 गोल्ड और 3 सिल्वर पर कब्ज़ा

0

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय मुक्केबाजों ने इतिहास रचते हुए सात स्वर्ण और तीन रजत पदकों के साथ अपने अभियान का शानदार समापन किया।

यह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में बॉक्सिंग में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारत ने मेडल तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।

अभियान के अंतिम दिन भारत को पुरुषों के 90+ किलोग्राम वर्ग में नरेंद्र से रजत पदक मिला। फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के डमार थॉमस ने नरेंद्र को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। नरेंद्र को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।

इससे पहले अंकुश पांघल ने पुरुषों के 80 किलोग्राम फाइनल में इंग्लैंड के डिमेजी शिट्टू को 4-1 के स्प्लिट फैसले से हराकर भारत के लिए सातवां स्वर्ण पदक जीता। उनके अलावा सचिन सिवाच, जैस्मिन लंबोरिया, प्रीति पवार, साक्षी चौधरी, अरुंधति चौधरी और प्रिया घांघस ने भी स्वर्ण पदक जीतकर भारत की ऐतिहासिक सफलता में अहम योगदान दिया।

महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग में 25 वर्षीय साक्षी चौधरी ने इंग्लैंड की रूबी व्हाइट को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराकर अपना पहला कॉमनवेल्थ गेम्स खिताब जीता। साक्षी ने शुरुआत से ही मुकाबले पर नियंत्रण बनाए रखा और अपनी शानदार रेंज, फुटवर्क तथा सटीक जैब्स के दम पर विरोधी को लगातार दबाव में रखा। दूसरे राउंड में रूबी व्हाइट ने वापसी की कोशिश की और कुछ प्रभावी पंच भी लगाए, लेकिन साक्षी ने संयम बनाए रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

साक्षी की जीत के कुछ ही मिनट बाद प्रिया घांघस ने महिलाओं के 60 किलोग्राम फाइनल में कनाडा की मैरी-बाथौल को 4-1 से हराकर भारत के लिए एक और स्वर्ण पदक जीता।

इसके बाद अरुंधति चौधरी ने महिलाओं के 70 किलोग्राम फाइनल में इंग्लैंड की चैंटेल रीड को शिकस्त देकर भारत की स्वर्णिम लय को बरकरार रखा। उनकी जीत के साथ ही भारत ने किसी एक कॉमनवेल्थ गेम्स संस्करण में बॉक्सिंग में सबसे अधिक स्वर्ण पदक जीतने का नया रिकॉर्ड भी कायम किया।

सात स्वर्ण और तीन रजत पदकों के साथ भारत ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स की बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अपना अब तक का सबसे सफल अभियान पूरा किया और मेडल तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर नया इतिहास रच दिया।

आज भारत के मुक्केबाजों का प्रदर्शन
गोल्ड: प्रीति पवार ने महिलाओं के 54kg फाइनल में स्कारलेट सवाना डेलगाडो (कनाडा) को 5-0 से हराया।
गोल्ड: जैस्मिन लंबोरिया ने महिलाओं के 57kg फाइनल में माइकेला वॉल्श (उत्तरी आयरलैंड) को 5-0 से हराया।
सिल्वर: जादुमणि सिंह ने पुरुषों के 55kg फाइनल में जे डिक्सन (ऑस्ट्रेलिया) को हराया।
गोल्ड:साक्षी चौधरी ने महिलाओं के 51kg फाइनल में रूबी व्हाइट (इंग्लैंड) को हराया।
गोल्ड: प्रिया घांघस ने महिलाओं के 60kg फाइनल में मैरी-बथौल अल-अहमदिएह (कनाडा) को 4-1 से हराया।
गोल्‍ड: अरुंधति चौधरी ने महिलाओं के 70kg फाइनल में इंग्लैंड की चैंटेल रीड को बुरी तरह हराकर गोल्ड मेडल जीता।

Comments are closed.