ईरान पर हमले रोकने का ट्रंप का ऐलान, बोले- दुनिया की भलाई के लिए लिया फैसला

0

ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि फिलहाल अमेरिका ईरान पर प्रस्तावित सैन्य हमला नहीं करेगा।

ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका पूरी तरह सैन्य कार्रवाई के लिए तैयार था, लेकिन ईरान और मध्य पूर्व के कुछ अन्य देशों के अनुरोध के बाद इस योजना को फिलहाल रोक दिया गया है।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा कि अमेरिका ने सैन्य तैयारी उस स्तर तक कर ली थी, जैसी द्वितीय विश्व युद्ध के बाद कभी नहीं देखी गई। इसके बावजूद, संभावित समझौते की दिशा में हुई प्रगति को देखते हुए उन्होंने सैन्य कार्रवाई को टालने का फैसला लिया।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित समझौते में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को तुरंत और पूरी तरह से खोलना तथा ईरान के परमाणु खतरे को समाप्त करना शामिल है। ट्रंप के मुताबिक, यदि यह समझौता सफलतापूर्वक लागू होता है तो क्षेत्र में तनाव कम करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा, “अमेरिका ईरान के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार था। हालांकि, ईरान और मध्य पूर्व के अन्य देशों ने हमसे किसी भी सैन्य कार्रवाई को रोकने का अनुरोध किया, क्योंकि एक समझौते की रूपरेखा पर सहमति बन गई है।”

उन्होंने आगे कहा, “इन देशों के अनुरोध और दुनिया के भविष्य के हितों को ध्यान में रखते हुए मैंने हमले को फिलहाल रद्द करने का फैसला लिया है। यह फैसला एक सफल और समृद्ध ईरान के अस्तित्व की उम्मीद के साथ लिया गया है, बशर्ते जल्द ही अंतिम समझौता हो जाए। इजरायल भी इस प्रतिबद्धता में हमारे साथ है। अब सभी पक्षों को इस समझौते को पूरा करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।”

ट्रंप के इस बयान को ऐसे समय में अहम माना जा रहा है, जब ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव को लेकर पूरी दुनिया की नजरें मध्य पूर्व की स्थिति पर टिकी हुई हैं।

Comments are closed.