देश के कई राज्यों में मानसून का कहर जारी है। केरल में मूसलाधार बारिश, बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है, जहां अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग लापता हैं।
वहीं दिल्ली-एनसीआर में रातभर हुई बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, जबकि उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
केरल में बाढ़ और भूस्खलन से तबाही
केरल में लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन की कई घटनाएं सामने आई हैं। इडुक्की और कोट्टायम समेत कई जिलों में हालात गंभीर बने हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, अब तक छह लोगों की जान जा चुकी है, जबकि छह अन्य लोगों की तलाश जारी है।
राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ, फायर एंड रेस्क्यू, पुलिस, कोस्ट गार्ड और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। राज्यभर में 65 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जहां 1,465 से अधिक लोगों को सुरक्षित ठहराया गया है।
भारी बारिश से कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, सड़कें जलमग्न हो गई हैं और कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ है। नदियों और जलाशयों का जलस्तर बढ़ने के बाद कई बांधों के गेट भी खोलने पड़े हैं।
आठ जिलों में रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पथनमथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में अत्यधिक भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं एर्नाकुलम, त्रिशूर और पालक्काड में ऑरेंज अलर्ट लागू है। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
दिल्ली-एनसीआर और यूपी में बारिश का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। आईएमडी के अनुसार, राजधानी में रविवार को भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के सभी 75 जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
गुजरात में भी बारिश का कहर
दक्षिण और मध्य गुजरात में भी मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने एहतियातन करीब 27 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। सूरत जिले के अंबिका क्षेत्र में 24 घंटे के दौरान 611 मिमी बारिश दर्ज की गई।
सूरत, नवसारी, भरूच, तापी, खेड़ा और आनंद जिलों में कई स्थानों पर 400 मिमी से अधिक वर्षा हुई। बाढ़ प्रभावित इलाकों में सेना और अन्य एजेंसियां राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। कई गांवों का संपर्क टूट गया है।
असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार
असम में बाढ़ की स्थिति में कुछ सुधार दर्ज किया गया है। बाढ़ प्रभावित लोगों की संख्या घटकर लगभग 1.78 लाख रह गई है, हालांकि सात जिले अब भी बाढ़ की चपेट में हैं। अधिकारियों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में किसी नई जनहानि की सूचना नहीं मिली है और राज्य में बाढ़ से मरने वालों का आंकड़ा 82 पर स्थिर है।
Comments are closed.