CJP प्रतिनिधियों से मुलाकात पर जेपी नड्डा का बयान, बोले- ‘बातचीत अच्छी रही’
पेपर लीक मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बातचीत को सकारात्मक बताया। मंगलवार को एनडीए संसदीय दल की बैठक ‘मंगल मिलन’ में पहुंचने पर जब पत्रकारों ने उनसे इस मुलाकात के बारे में सवाल किया तो उन्होंने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, “ठीक रही, हमेशा ही ठीक रहती है।”
इससे एक दिन पहले हुई बैठक के बाद भी नड्डा ने बातचीत की जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि प्रदर्शनकारियों की ओर से पहली बार बातचीत का प्रस्ताव आया था और सुबह 11:50 बजे से चर्चा शुरू हुई। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधियों ने शाम करीब 4 बजे उन्हें अपनी मांगों का लिखित ज्ञापन सौंपा।
जानकारी के मुताबिक, सरकार की ओर से जेपी नड्डा को प्रदर्शनकारी प्रतिनिधियों से बातचीत की जिम्मेदारी दी गई थी। शुरुआती बैठक करीब 10 मिनट चली, जिसमें नड्डा ने प्रतिनिधियों से अपनी सभी मांगें लिखित रूप में देने को कहा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने अलग से विचार-विमर्श कर ज्ञापन तैयार किया और शाम को दोबारा मुलाकात कर उसे नड्डा को सौंप दिया।
CJP की ओर से सौरव दास और आशुतोष रांका ने जेपी नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात की। यह बैठक ऐसे समय हुई जब जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे लोगों और पुलिस के बीच संसद मार्च को लेकर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी।
मुलाकात के बाद CJP प्रतिनिधियों ने दावा किया कि उन्होंने अपनी सभी मांगें सरकार के सामने रख दी हैं। उनके अनुसार, जेपी नड्डा ने आश्वासन दिया कि इन मांगों पर सरकार के भीतर चर्चा की जाएगी और इसके लिए कुछ समय देने का अनुरोध किया है।
Comments are closed.