सोनम वांगचुक ने ग्लूकोज लेने से किया इनकार, ब्लड शुगर अब भी लो; डॉक्टरों ने जारी किया हेल्थ अपडेट

0

लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की सेहत फिलहाल स्थिर बनी हुई है, लेकिन डॉक्टरों ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत बताई है।

मंगलवार सुबह सफदरजंग अस्पताल की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, उनके सभी महत्वपूर्ण वाइटल पैरामीटर सामान्य और स्थिर हैं, हालांकि ब्लड शुगर का स्तर अब भी सामान्य से कम बना हुआ है।

अस्पताल के मुताबिक, रक्त जांच में उनका पोटैशियम स्तर 3.2 एमईक्यू/एल पाया गया है। साथ ही उनमें पैनसाइटोपीनिया की स्थिति बनी हुई है, जिसमें एनीमिया और श्वेत रक्त कोशिकाओं (ल्यूकोसाइट) की संख्या कम होना शामिल है। डॉक्टरों का कहना है कि इन असामान्य जांच रिपोर्टों को देखते हुए उनकी लगातार निगरानी और नियमित परीक्षण जरूरी हैं।

हेल्थ बुलेटिन में बताया गया है कि फिलहाल सोनम वांगचुक को ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ओआरएस) और मुंह के जरिए पोटैशियम सप्लीमेंट दिया जा रहा है। हालांकि, चिकित्सकों की बार-बार सलाह के बावजूद उन्होंने नसों के माध्यम से तरल पदार्थ (इंट्रावेनस फ्लूइड) और ग्लूकोज लेने से इनकार कर दिया है।

डॉक्टरों के अनुसार, लंबे समय से जारी उपवास के कारण उन्हें अभी भी हल्के से मध्यम स्तर का डिहाइड्रेशन है। संभावित जटिलताओं से बचने और स्वास्थ्य में किसी भी बदलाव का समय रहते पता लगाने के लिए उनकी लगातार क्लीनिकल मॉनिटरिंग की जा रही है।

अस्पताल ने बताया कि सफदरजंग अस्पताल और एम्स के विशेषज्ञों की संयुक्त बहु-विषयक मेडिकल टीम उनकी देखरेख कर रही है। उन्हें सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और आगे के उपचार की रणनीति उनकी स्वास्थ्य स्थिति तथा क्रमिक लैब जांच की रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी।

Comments are closed.