ईरान-इजरायल संघर्ष गहराया, अमेरिका की भी एंट्री, सैकड़ों की मौत
13 जून को इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हवाई हमले के बाद से पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इस संघर्ष में अब तक ईरान में 865 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3,396 से अधिक लोग घायल हुए हैं। क्षेत्र में हालात युद्ध जैसे हो चुके हैं और अब अमेरिका भी सक्रिय रूप से इस टकराव में शामिल हो गया है।
ईरान का पलटवार: तेल अवीव और अन्य शहर निशाने पर
अमेरिका के सैन्य हस्तक्षेप के बाद, ईरान ने इजरायल पर जवाबी हमला करते हुए राजधानी तेल अवीव समेत 10 से ज्यादा स्थानों पर मिसाइलें दागीं। ईरान की एक बैलिस्टिक मिसाइल हाइफा में गिरी, जहां एयर सायरन तक नहीं बज पाया। टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक, इन हमलों में अब तक 11 लोगों के घायल होने की खबर है।
अमेरिका ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर दागीं मिसाइलें
इस टकराव में अमेरिका ने भी ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की है। बीती रात अमेरिकी सेना ने ईरान के तीन अहम परमाणु केंद्रों — फोर्डो, नतांज और इफ्तहान — पर मिसाइल हमले किए। ईरान ने इन हमलों की पुष्टि की है और उन्हें अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है।
हूती विद्रोहियों की चेतावनी
इस बीच, ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने भी अमेरिका को खुली चेतावनी दी है। हूती प्रवक्ता यह्या सारेया ने कहा है कि यदि अमेरिका ईरान पर हमले जारी रखता है, तो वे लाल सागर में मौजूद अमेरिकी जहाजों को निशाना बना सकते हैं।
नेतन्याहू और ट्रंप का बयान
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि “शांति के लिए शक्ति जरूरी है।” उन्होंने कहा कि अमेरिका का निर्णय “साहसिक और निर्णायक” है।
वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी राष्ट्र को संबोधित करते हुए ईरान को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि ईरान ने शांति की दिशा में कदम नहीं उठाए तो उसे “भारी विनाश” झेलना पड़ सकता है। ट्रंप ने ईरान को सीजफायर वार्ता शुरू करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है।
पृष्ठभूमि: कैसे शुरू हुआ संघर्ष
13 जून की रात इजरायल ने ईरान के कई सैन्य और परमाणु ठिकानों को निशाना बनाते हुए हवाई हमले किए थे। इस हमले में ईरान के कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और वैज्ञानिक मारे गए थे। इसके जवाब में ईरान ने इजरायल के यरुशलम और तेल अवीव समेत कई शहरों पर मिसाइलें दागीं, जिससे संघर्ष और तेज हो गया।
Comments are closed.