फ्यूल बचत के लिए लुफ्थांसा का बड़ा कदम, 20 हजार उड़ानें रद्द

5

यूरोप की प्रमुख विमानन कंपनी Lufthansa AG ने बढ़ती लागत के दबाव के बीच बड़ा कदम उठाया है।

कंपनी ने अपने समर शेड्यूल से करीब 20,000 शॉर्ट-हॉल (कम दूरी) उड़ानों को रद्द करने का फैसला किया है। इसके पीछे जेट फ्यूल की कीमतों में तेज उछाल को मुख्य वजह बताया गया है, जो हालिया भू-राजनीतिक तनाव के बाद काफी बढ़ गई हैं।

कंपनी का कहना है कि इन उड़ानों में कटौती से उसकी कुल सीट क्षमता में लगभग 1% की कमी आएगी, लेकिन इसके बदले करीब 40,000 टन जेट ईंधन की बचत होगी। इससे पहले भी लुफ्थांसा अपनी लागत घटाने के लिए कई कदम उठा चुकी है, जिसमें रीजनल यूनिट ‘सिटीलाइन’ को बंद करना और ज्यादा ईंधन खर्च करने वाले 27 पुराने विमानों को ग्राउंड करना शामिल है।

उड़ानों में कटौती चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही है। शुरुआती दौर में मंगलवार से 120 उड़ानें रद्द की गई हैं, जो मई के अंत तक जारी रहेंगी। इसके बाद पूरे समर सीजन के लिए और कटौतियों का ऐलान अप्रैल के अंत या मई की शुरुआत तक किया जा सकता है।

यह असर सिर्फ एक कंपनी तक सीमित नहीं है। डेटा एनालिटिक्स फर्म Cirium Limited के मुताबिक, मई में वैश्विक उड़ान क्षमता में करीब 3% की गिरावट दर्ज की गई है। पहले जहां इस साल 4-6% ग्रोथ का अनुमान था, अब कई मामलों में 3% तक गिरावट की आशंका जताई जा रही है।

मुनाफा बढ़ाने के लिए लुफ्थांसा लागत में कटौती की दिशा में भी काम कर रही है। कंपनी 2030 तक करीब 4,000 प्रशासनिक नौकरियों में कमी करने की योजना बना रही है। साथ ही, शॉर्ट-हॉल उड़ानों को कम लागत वाली इकाइयों—जैसे ‘सिटी एयरलाइंस’ और ‘डिस्कवर’—को ट्रांसफर करने की तैयारी है, जहां ऑपरेशन लागत मुख्य एयरलाइन के मुकाबले काफी कम है।

Comments are closed.