हिमाचल में शिवरात्रि पर बड़ा हादसा: मंडी में 200 मीटर गहरी खाई में कार गिरी, तीन लोगों की मौत

1

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में शिवरात्रि महोत्सव की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। हादसा रविवार तड़के करीब चार बजे सराज क्षेत्र में हुआ।

जानकारी के अनुसार, चार दोस्त बिना परिजनों को बताए जीप लेकर घर से निकले थे। लंबाथाच-कलहणी मार्ग पर बूनालीधार के पास वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा घर से करीब 24 किलोमीटर दूर हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाड़ी गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। दो युवक वाहन के बाहर गिरे मिले, जबकि दो अंदर फंसे थे। सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीसरे युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। चौथे युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतकों में बगस्याड़ निवासी योगराज का बेटा हार्दिक भी शामिल है। बताया जा रहा है कि सभी युवक आईटीआई के छात्र थे। हादसा इतना भीषण था कि शुरुआती समय में पहचान करने में भी दिक्कत हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी जंजैहली रामकृष्ण ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.