नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में ओलिंपिक सिल्वर मेडलिस्ट मीराबाई चानू ने दमदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर अपना दबदबा साबित किया।
उत्तर प्रदेश के मोदीनगर में आयोजित इस प्रतियोगिता में चानू ने 48 किग्रा कैटेगरी में हिस्सा लेते हुए एक ही इवेंट में तीन राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ डाले।
31 वर्षीय मीराबाई चानू ने स्नैच में 89 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 116 किग्रा वजन उठाया। इस तरह उनका कुल स्कोर 205 किग्रा रहा, जो इस कैटेगरी में स्नैच, क्लीन एंड जर्क और ओवरऑल—तीनों में नया नेशनल रिकॉर्ड है। उन्होंने 89 किग्रा का स्नैच वजन बेहद आसानी से उठाया, जबकि 91 किग्रा की अगली कोशिश में उन्हें सफलता नहीं मिली।
चानू का यह कुल स्कोर 2025 वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड जीतते समय उठाए गए 199 किग्रा से छह किलो ज्यादा है। यह प्रदर्शन उनके करियर के सर्वश्रेष्ठ लिफ्ट्स में शामिल हो गया है। इस स्पर्धा में अखिल भारतीय पुलिस की राधा सोनी ने 183 किग्रा के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि कोमल कोहर को ब्रॉन्ज से संतोष करना पड़ा।
‘48 किग्रा में यह बहुत बड़ी उपलब्धि’
गोल्ड मेडल जीतने के बाद मीराबाई चानू ने पीटीआई से कहा, “मैं बहुत खुश हूं। इस प्रदर्शन से मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है। पहले मैं 49 किग्रा कैटेगरी में हिस्सा लेती थी, लेकिन 48 किग्रा में इस तरह का परिणाम हासिल करना मेरे लिए बड़ी उपलब्धि है। मैंने 90 किग्रा पार करने की कोशिश की, लेकिन ट्रेनिंग पूरी नहीं हो पाई थी। जब पूरी तैयारी के साथ उतरूंगी, तो 90 किग्रा का आंकड़ा जरूर पार करूंगी।”
ओलिंपिक सफर
मीराबाई चानू ने टोक्यो ओलिंपिक 2021 में 49 किग्रा कैटेगरी में भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता था। 2024 में वह चौथे स्थान पर रहीं और पदक से चूक गईं। बाद में इस कैटेगरी को हटाए जाने के कारण उन्हें 48 किग्रा वर्ग में शिफ्ट होना पड़ा—जहां अब उन्होंने रिकॉर्डतोड़ शुरुआत कर दी है।
Comments are closed.