बिहार में दस्तक दे चुका है मॉनसून, जानिए दिल्ली में कब पहुंचेगा और किन राज्यों में कब होगी बारिश

5

बिहार में दस्तक दे चुका है मॉनसून, दिल्ली पहुंचने की उलटी गिनती शुरू

देश के दक्षिणी हिस्सों के बाद अब उत्तर भारत में भी मॉनसून ने अपनी उपस्थिति दर्ज करानी शुरू कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार, 17 जून 2025 को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने बिहार के पूर्वी हिस्सों से राज्य में प्रवेश कर लिया। इसके साथ ही अब दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में मॉनसून के सक्रिय होने की संभावना तेज हो गई है।

दिल्ली में प्री-मॉनसून बारिश से राहत, लेकिन पानी भराव से मुश्किलें
हालांकि अभी मॉनसून औपचारिक रूप से दिल्ली नहीं पहुंचा है, लेकिन मंगलवार को हुई प्री-मॉनसून बारिश ने राजधानी को कुछ राहत जरूर दी। तापमान में गिरावट आने से लोगों ने भीषण गर्मी से राहत की सांस ली, लेकिन इस बारिश ने दिल्लीवासियों को जलभराव और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं से भी दो-चार कर दिया।

तेज बारिश के चलते दिल्ली छावनी, जखीरा अंडरपास, आईटीओ, पुल प्रहलादपुर, नजफगढ़ रोड और रोहतक रोड जैसे कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे सड़कों पर घुटनों तक पानी जमा हो गया। कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। हालात इतने खराब हुए कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाली 12 फ्लाइट्स को दूसरे मार्गों पर डायवर्ट करना पड़ा।

दिल्ली में मॉनसून की अनुमानित टाइमलाइन

  • सामान्य आगमन तिथि: 27 जून
  • इस साल संभावित आगमन: 19–25 जून
  • मुख्य बारिश की संभावना: 22–25 जून के बीच
  • पिछले वर्ष आगमन: 26–28 जून के बीच

भीषण गर्मी के बाद मौसम ने बदला मिज़ाज
पिछले कुछ दिनों से दिल्ली और उत्तर भारत के कई इलाकों में तेज़ गर्मी और उमस से जनजीवन प्रभावित था। कूलर और पंखे भी गर्मी के आगे बेबस नज़र आ रहे थे। लेकिन मंगलवार की बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी, जिससे लोगों के चेहरों पर राहत के भाव नज़र आए।

हालांकि यह राहत अस्थायी साबित हो सकती है यदि जल निकासी की व्यवस्था बेहतर नहीं की गई, क्योंकि आगामी दिनों में और तेज़ बारिश की संभावना है।

Comments are closed.