नेपाल एयरलाइंस ने गुरुवार, 30 अप्रैल को एक विवादित सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भारत से माफी मांगी है।
मामला तब सामने आया जब एयरलाइंस द्वारा शेयर किए गए “नेटवर्क मैप” में जम्मू-कश्मीर को गलत तरीके से पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। विरोध बढ़ने पर एयरलाइंस ने पहले पोस्ट हटाया और अब आधिकारिक तौर पर खेद जताया है।
एयरलाइंस ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जारी बयान में कहा, “हम अपने सोशल मीडिया चैनलों पर साझा किए गए नेटवर्क मैप में हुई गलती के लिए माफी मांगते हैं। इस मैप में अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के चित्रण में त्रुटि थी, जो नेपाल या नेपाल एयरलाइंस की आधिकारिक स्थिति को नहीं दर्शाती। हमने पोस्ट तुरंत हटा दी है और यह सुनिश्चित करने के लिए आंतरिक समीक्षा शुरू की है कि भविष्य में ऐसी गलती न हो।”
कंपनी ने यह भी कहा कि वह अपने पड़ोसी देशों के साथ संबंधों को महत्व देती है और इस घटना से किसी की भावनाएं आहत हुई हों तो उसे खेद है।
सोशल मीडिया पर बढ़ा विरोध
विवादित पोस्ट का स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद भारतीय यूजर्स ने कड़ी आलोचना की। कई लोगों ने इसे गंभीर चूक बताते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की। सोशल मीडिया पर #BoycottNepalAirlines जैसे हैशटैग भी ट्रेंड करने लगे और कुछ यूजर्स ने संबंधित मंत्रालयों को टैग कर कार्रवाई की मांग की।
लगातार बढ़ते दबाव के बीच एयरलाइंस ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी जारी की और भविष्य में अधिक सतर्क रहने का आश्वासन दिया।
Comments are closed.