दिल्ली SIR में तेजी से जुड़ रहे नए नाम, 14 दिनों में 52,825 आवेदन; इस जिले से सबसे ज्यादा फॉर्म

0

दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए लोगों की ओर से बड़ी संख्या में आवेदन किए जा रहे हैं।

31 अगस्त से 13 सितंबर के बीच महज 14 दिनों में 52,825 लोगों ने नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 जमा किए हैं। इस हिसाब से रोजाना औसतन करीब 377 आवेदन प्राप्त हुए।

30 अगस्त तक मिले 2,12,400 आवेदनों को भी जोड़ दें तो अब तक फार्म-6 की कुल संख्या 2,65,225 पहुंच गई है। आंकड़ों के मुताबिक, पश्चिमी जिले से सबसे ज्यादा 6,580 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

इसके बाद उत्तर पश्चिमी जिले से 5,403, पूर्वी जिले से 5,359 और उत्तर पूर्वी जिले से 4,677 आवेदन आए हैं। वहीं, नई दिल्ली जिले में नाम जुड़वाने के लिए सबसे कम 1,131 आवेदन प्राप्त हुए।

नाम हटाने के लिए 621 नए आवेदन

SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए भी आवेदन मिले हैं। 31 अगस्त से 13 सितंबर के बीच फार्म-7 के 621 आवेदन प्राप्त हुए। इसके साथ ही अब तक फार्म-7 की कुल संख्या 52,092 हो गई है।

वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में बदलाव के लिए फार्म-8 की कुल संख्या 2,77,256 पहुंच चुकी है। विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए फार्म-6A के तहत अब तक 1,468 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

30 सितंबर तक दावे-आपत्तियां

दिल्ली SIR के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया 30 सितंबर तक जारी रहेगी। इसके बाद प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 29 अक्टूबर तक किया जाएगा।

निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 नवंबर को दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। इस दौरान मतदाताओं को अपने नाम और अन्य विवरण की जांच करने तथा किसी तरह की गलती होने पर निर्धारित समयसीमा के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कराने का मौका मिलेगा।

Comments are closed.