बिहार में नया आदेश: स्कूलों और सरकारी कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम’ समेत 3 गीत अनिवार्य

0

बिहार में सरकारी कार्यक्रमों और शैक्षणिक संस्थानों के लिए एक नया निर्देश जारी किया गया है, जिसके तहत राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और बिहार राज्य गीत का गायन अनिवार्य किया गया है।

सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में सभी विभागों और जिलाधिकारियों को आदेश भेज दिया है। विभाग के सचिव मोहम्मद सोहैल द्वारा जारी निर्देश के मुताबिक, किसी भी सरकारी कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत से होगी, जिसके बाद राष्ट्रगान गाया जाएगा। इन दोनों के बाद ही कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की जाएगी। वहीं, कार्यक्रम का समापन बिहार राज्य गीत ‘मेरे भारत के कंठहार’ के साथ किया जाएगा।

शैक्षणिक संस्थानों में भी इसी क्रम का पालन करने को कहा गया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह व्यवस्था रोजाना कक्षाओं की शुरुआत पर लागू होगी या केवल विशेष कार्यक्रमों तक सीमित रहेगी।

सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीयता, अस्मिता और गौरव की भावना को मजबूत करना है, साथ ही बिहार के समृद्ध इतिहास और पहचान को बढ़ावा देना भी इसका एक अहम हिस्सा है।

Comments are closed.