Bihar Politics: नीतीश कुमार का MLC पद से इस्तीफा, मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर सियासी हलचल तेज

1

बिहार की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधान परिषद (MLC) सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

हाल ही में उनके राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद नियमों के तहत उन्हें तय समय सीमा के भीतर MLC पद छोड़ना जरूरी था, जिसकी अंतिम तारीख पूरी होने से पहले उन्होंने यह कदम उठाया। अब राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा दे सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो बिहार में सत्ता का समीकरण बदल सकता है और एक नए नेतृत्व के साथ सरकार का गठन देखने को मिल सकता है।

बदल सकता है सत्ता संतुलन

2005 से अब तक बिहार में एनडीए सरकार के दौरान बीजेपी सहयोगी की भूमिका में रही है, जबकि मुख्यमंत्री पद जेडीयू के पास रहा। लेकिन मौजूदा हालात में पहली बार ऐसा संकेत मिल रहा है कि बीजेपी अब नेतृत्व की भूमिका में आ सकती है।

राज्यसभा में नीतीश कुमार का कार्यकाल 10 अप्रैल से शुरू होना है। ऐसे में आने वाले दिनों में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।

सीएम रेस में कौन आगे?

राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है। वे बीजेपी विधायक दल के नेता भी हैं और पिछले कुछ वर्षों में पार्टी में तेजी से उभरे हैं। कुशवाहा समुदाय से आने वाले चौधरी को सामाजिक समीकरणों के लिहाज से भी मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

वहीं केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय का नाम भी संभावित उम्मीदवारों में लिया जा रहा है। वे पार्टी के पुराने और मजबूत नेताओं में गिने जाते हैं। हालांकि उनके सामाजिक आधार को लेकर अलग-अलग राजनीतिक समीकरणों की चर्चा जारी है।

फिलहाल बीजेपी और जेडीयू की ओर से मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन सियासी हलकों में कयासों का दौर तेज है और माना जा रहा है कि जल्द ही इस पर तस्वीर साफ हो सकती है।

Comments are closed.