अभी नहीं मिलेगी गर्मी से राहत, 48 घंटे तक आंधी-बारिश का दौर, जानें पूरे हफ्ते का मौसम

0

उत्तर भारत में मौसम का मिजाज फिलहाल बदला हुआ है और अगले दो दिनों तक कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 6 और 7 जून को भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मौसम सुहाना बना रह सकता है। नोएडा, गाजियाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 6 जून को बारिश के आसार हैं। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 6 जून के अलावा 10 और 11 जून को भी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 10-11 जून के दौरान एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर पड़ेगा।

राजस्थान में भी मौसम राहत देने वाला बना रहेगा। पूर्वी राजस्थान में 6 से 11 जून तक अलग-अलग स्थानों पर आंधी और बारिश की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 7 जून को तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने का अनुमान है।

मध्य भारत में भी मौसम सक्रिय रहेगा। पूर्वी मध्य प्रदेश में 6 से 9 जून और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 7 से 9 जून के बीच बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। विदर्भ क्षेत्र में 6 से 9 जून तक और छत्तीसगढ़ में 8 से 9 जून के दौरान बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

पश्चिमी भारत के राज्यों में भी मानसूनी गतिविधियां तेज होती दिख रही हैं। गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र क्षेत्र में 11 जून तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। कोंकण और गोवा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश दर्ज की जा सकती है।

दक्षिण भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। मानसून ने कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा के अधिक क्षेत्रों को कवर कर लिया है। केरल और कर्नाटक में अगले एक सप्ताह तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। तमिलनाडु के कई जिलों में भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वोत्तर भारत में भी अगले सात दिनों तक व्यापक बारिश का अनुमान है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून जून के अंतिम सप्ताह तक पूर्वी और मध्य भारत से आगे बढ़ते हुए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब तक पहुंच सकता है।

Comments are closed.