यूपी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एनकाउंटर में कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी मारा गया; समीर हत्याकांड में था वांटेड

2

बुलंदशहर में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, एनकाउंटर में डी-कंपनी से जुड़े गैंगस्टर नसीम दुर्रानी की मौत; 25 से ज्यादा केस थे दर्ज

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने एक मुठभेड़ में कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी को मार गिराया। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। बताया जा रहा है कि नसीम का संबंध डी-कंपनी से था और वह दिल्ली के चर्चित समीर हत्याकांड में भी वांछित था।

जानकारी के मुताबिक, बुलंदशहर में पुलिस टीम और नसीम दुर्रानी के बीच आमना-सामना होने के बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं। इस दौरान नसीम को कई गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

छोटा शकील से संपर्क का दावा

नसीम दुर्रानी का नाम लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों और अंडरवर्ल्ड से कथित संबंधों को लेकर चर्चा में रहा था। पुलिस से जुड़ी जानकारी के अनुसार, वह अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के संपर्क में था। उस पर छोटा राजन की हत्या की सुपारी मिलने का भी आरोप था।

समीर हत्याकांड में था आरोपी

नसीम दुर्रानी पर दिल्ली में कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर समीर नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था। इस वारदात में हमलावरों ने समीर पर करीब 15 से 20 राउंड गोलियां चलाई थीं। इसके बाद से ही वह पुलिस की तलाश में था।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, नसीम के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूट समेत 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। इसके अलावा, पाकिस्तानी मूल के तारिक फतेह की हत्या की साजिश रचने में भी उसका नाम सामने आने का दावा किया गया था।

Comments are closed.